Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन (INDIA ब्लॉक) में सीट बंटवारे का मुद्दा और भी पेचीदा हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और पशुपति पारस की LJP गुट के महागठबंधन में शामिल होने के बाद अब यह गठबंधन कुल आठ पार्टियों का हो गया है, जिससे 243 सीटों पर तालमेल बिठाना मुश्किल लग रहा है।
आसान नहीं होगा सीटों का बंटवारा
गठबंधन के भीतर प्रमुख दल अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि नए दलों को जगह देने के लिए सभी को अपनी सीटों का बलिदान करना होगा। हालांकि, कांग्रेस 70 सीटों से कम पर लड़ने को तैयार नहीं है। वहीं, VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने 60 से ज्यादा सीटों और उप-मुख्यमंत्री पद की मांग की है। CPI-ML भी अपने पिछले प्रदर्शन को देखते हुए कम से कम 40 सीटों पर जोर दे रही है। सबसे बड़ी पार्टी RJD ने भी 150 से कम सीटों पर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।
2020 चुनाव में किसका कैसा था प्रदर्शन?
पिछले 2020 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के प्रमुख दलों का प्रदर्शन कुछ इस तरह रहा था, जिसके आधार पर वे अपनी मांगें रख रहे हैं:
RJD: 144 सीटों पर चुनाव लड़कर 75 पर जीत हासिल की।
कांग्रेस: 70 में से 19 सीटें जीती।
CPI-ML: 19 में से 12 सीटें जीती।
CPM: 4 में से 2 सीटें जीती।
CPI: 6 में से 2 सीटें जीती।
तेजस्वी यादव का 'कॉपीकैट' सरकार पर तंज
इन सबके बीच RJD नेता तेजस्वी यादव पहले ही खुद को INDIA ब्लॉक का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर चुके हैं। आरा में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने नीतीश कुमार की सरकार को 'कॉपीकैट सरकार' बताया। उन्होंने कहा, 'तेजस्वी आगे-आगे, सरकार पीछे-पीछे। ओरिजिनल CM चाहिए कि डुप्लीकेट?' इस नारे के साथ उन्होंने सरकार पर उनके विचारों की नकल करने का आरोप लगाया।