Maithili Thakur: 'हर घर नौकरी संभव नहीं', मैथिली ठाकुर ने RJD के वादे को बताया चुनावी जुमला, बोली- NDA सरकार लाएगी 'व्यावहारिक समाधान'

Maithili Thakur Alinagar: दरभंगा की अलीनगर सीट पर एक दिलचस्प चुनावी लड़ाई देखने को मिल रही है। 25 साल की BJP उम्मीदवार मैथिली ठाकुर का मुकाबला 63 वर्षीय राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उम्मीदवार बिनोद मिश्रा से है, जो सियासत के अनुभवी खिलाड़ी माने जाते हैं

अपडेटेड Nov 06, 2025 पर 10:33 AM
Story continues below Advertisement
मैथिली ठाकुर ने कहा, 'यह कहना कि आप हर घर को एक सरकारी नौकरी देंगे, व्यावहारिक नहीं है

Alinagar Assembly Seat: बिहार चुनाव के पहले चरण में दरभंगा जिले की अलीनगर सीट से BJP की सबसे युवा उम्मीदवार और लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने RJD के चुनावी वादे पर तीखा प्रहार किया है। 25 वर्षीय मैथिली ठाकुर ने अपनी कम राजनीतिक अनुभव को स्वीकार किया लेकिन साथ ही बिहार को एक व्यावहारिक समाधान देने पर जोर दिया। बता दें कि 6 नवंबर यानी आज हो रहे पहले चरण के मतदान में 3.75 करोड़ मतदाता 121 सीटों पर 1314 उम्मीदवारों की किस्मत तय कर रहे हैं, जिसमें अलीनगर सीट भी शामिल है।

तेजस्वी के 'हर घर नौकरी' के वादे पर साधा निशाना

मैथिली ठाकुर ने महागठबंधन के चुनावी वादे 'हर घर को सरकारी नौकरी' देने पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने इसे अव्यावहारिक बताया। ANI से बात करते हुए, गायिका से राजनेता बनीं मैथिली ठाकुर ने कहा, 'यह कहना कि आप हर घर को एक सरकारी नौकरी देंगे, व्यावहारिक नहीं है। मैं एक यथार्थवादी, व्यावहारिक विचार प्रक्रिया का पालन करती हूं जिसे जमीन पर लागू किया जा सकता है।' उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी वादा करना जो संभव ही न हो, 'लोगों की भावनाओं के साथ खेलने' जैसा है।


पीएम मोदी-नीतीश के काम पर भरोसा

मैथिली ठाकुर ने स्वीकार किया कि उन्हें अपने प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामों की लंबी सूची नहीं बतानी पड़ती। उन्होंने कहा, 'जब मैं जनता के बीच जाती हूं, तो मुझे नीतीश जी और मोदी जी द्वारा किए गए कार्यों को गिनाने की आवश्यकता नहीं है। लोग पहले से ही जानते हैं, वे बस आशीर्वाद देते हैं।'

अलीनगर में युवा vs अनुभवी नेता के बीच मुकाबला

दरभंगा की अलीनगर सीट पर यह चुनाव पीढ़ियों के बीच चुनावी लड़ाई का एक दिलचस्प उदाहरण बन गया है। 25 वर्षीय BJP उम्मीदवार मैथिली ठाकुर का मुकाबला 63 वर्षीय राष्ट्रीय जनता दल (RJD) उम्मीदवार बिनोद मिश्रा से है, जो राजनीति के अनुभवी नेता माने जाते हैं। अब देखना ये होगा है कि अलीनगर की जनता अनुभवी नेता के साथ जाती है या फिर युवा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर को चुन कर विधानसभा में भेजती है।

यह भी पढ़ें- Bihar Chunav LIVE: CM नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर में डाला वोट, पहले चरण में सुबह 9 बजे तक 13.13 प्रतिशत वोटिंग

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।