दिल्ली चुनाव: BJP ने अरविंद कजेरीवाल को बताया 'अधर्मी', तो AAP प्रमुख बोले- ये तो राक्षसी प्रवृत्ति वाले हैं
Delhi Assembly Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत मतदान का दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, BJP और AAP के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है और दोनों दल एक दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी की 70 विधानसभा सीट के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा। वोटों की गिनती आठ फरवरी को की जाएगी
दिल्ली चुनाव: BJP ने अरविंद कजेरीवाल को बताया 'अधर्मी', तो AAP प्रमुख बोले- ये तो राक्षसी प्रवृत्ति वाले हैं
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर रामायण को गलत तरीके से कोट करने और भगवान राम और सीता का ‘अपमान’ करने का आरोप लगाया। पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल को ‘अधर्मी’ करार दिया और रामायण की गलत व्याख्या करने के लिए उपवास की घोषणा की। केजरीवाल ने इस आरोप पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी रावण के सम्मान में उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बीजेपी नेताओं को ‘राक्षसी प्रवृत्ति’ वाले करार दिया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत मतदान का दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, BJP और AAP के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है और दोनों दल एक दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी की 70 विधानसभा सीट के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा। वोटों की गिनती आठ फरवरी को की जाएगी।
सचदेवा ने पहले प्राचीन हनुमान मंदिर का दौरा किया और वहां पूजा-अर्चना के बाद केजरीवाल को ‘चुनावी हिंदू’ कहा। उन्होंने केजरीवाल की ओर से सीता-राम के प्रति दिखाए गए ‘अपमान’ के लिए क्षमा याचना की।
उन्होंने कहा, "यह खेदजनक है कि अरविंद केजरीवाल चुनावी रैलियों में देवताओं का नाम लेते हैं, लेकिन अज्ञानता के कारण गलत कहानियां सुनाकर हिंदू भावनाओं को आहत करते हैं।"
केजरीवाल के किस बयान पर भड़की BJP
केजरीवाल ने सोमवार को एक चुनावी सभा में रामायण का हवाला देते हुए कहा था कि सोने के हिरण के रूप में आए रावण ने सीता का अपहरण उस समय किया था, जब भगवान राम भोजन की तलाश में बाहर गए थे।
BJP नेताओं ने इस पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल ने रामायण को गलत तरीके से कोट किया और कहा कि यह इस महाकाव्य का एक दूसरा चरित्र ‘मामा मारीच’ था, जिसने भगवान राम को भटकाने के लिए सोने के हिरण का रूप धारण किया था और फिर रावण ने सीता का अपहरण किया था।
केजरीवाल ने कहा, "मैंने कल कहा था कि रावण ने सोने के हिरण का रूप धारण किया था। भाजपा नेता मेरे घर के बाहर धरने पर बैठे हैं कि मैंने रावण का अपमान क्यों किया।"
उन्होंने आरोप लगाया, "उन्हें रावण से बहुत प्यार है, उनमें ‘राक्षसी प्रवृत्ति’ है।"
उन्होंने कहा, "मैं झुग्गीवासियों और दिल्ली में गरीबों को आगाह कर देना चाहता हूं कि अगर वे (BJP) सत्ता में आए तो उन्हें खा जाएंगे।"
‘राम मंदिर विरोधी’ कहानी गढ़ने की कोशिश
सचदेवा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही नेता हैं, जिन्होंने अपनी दादी का हवाला देते हुए ‘राम मंदिर विरोधी’ कहानी गढ़ने की कोशिश की थी और मंदिर की जगह अस्पतालों और स्कूलों की वकालत की थी।
उन्होंने कहा, "हिंदू समुदाय केजरीवाल की भावनाओं को आहत करने के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।"
वरिष्ठ AAP नेता मनीष सिसोदिया ने भी ‘X’ पर एक पोस्ट में इस मुद्दे को लेकर BJP पर हमला बोला और कहा कि पार्टी नेता रावण का 'बचाव' कर रहे हैं, जैसे कि वे खुद रावण के ‘वंशज’ हों।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इनकी राजनीति इतनी नीचे गिर चुकी है कि अब यह रावण जैसे प्रतीक का सहारा लेकर अपनी झूठी बयानबाजी को सही ठहराने में जुट गए हैं। मैं दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूं कि इनकी असली मंशा को पहचानें। ये चुनाव के बाद गरीबों, मजदूरों और झुग्गीवासियों के लिए रावण से भी बड़ा खतरा साबित होंगे।’’
उन्होंने कहा, "इनसे सतर्क रहना बहुत ज़रूरी है, क्योंकि इनका असली एजेंडा सिर्फ सत्ता हासिल करना है। ये झुग्गियां तुड़वाने और जनता की ज़मीनें कब्जाने की साजिश रच रहे हैं। इनके झूठे नाटकों से सावधान रहें और सही फैसला करें।"