Delhi Chunav 2025: 'KG से PG तक मुफ्त शिक्षा' दिल्ली चुनाव के लिए BJP ने जारी किया घोषणापत्र का पार्ट-2

Delhi BJP manifesto: BJP नेता अनुराग ठाकुर ने कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की, जिसमें सरकारी संस्थानों में किंडरगार्टन से पोस्ट ग्रेजुएट लेवल तक के जरूरतमंद छात्रों के लिए मुफ्त शिक्षा शामिल है। घोषणापत्र में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य PCS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन का भी वादा किया गया है, जिसमें दो अटेंप्ट के लिए 15,000 रुपए की पेशकश की गई है

अपडेटेड Jan 21, 2025 पर 2:13 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Chunav 2025: 'KG से PG तक मुफ्त शिक्षा' दिल्ली चुनाव के लिए BJP ने जारी किया घोषणापत्र का पार्ट-2

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आगामी दिल्ली चुनाव 2025 के लिए अपना दूसरा घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने सत्ता में आने पर शहर के सरकारी शिक्षण संस्थानों में जरूरतमंद छात्रों को "KG से PG तक" मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को संकल्प पत्र (घोषणापत्र) का दूसरा भाग जारी किया।

ठाकुर ने कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की, जिसमें सरकारी संस्थानों में किंडरगार्टन से पोस्ट ग्रेजुएट लेवल तक के जरूरतमंद छात्रों के लिए मुफ्त शिक्षा शामिल है। घोषणापत्र में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य PCS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन का भी वादा किया गया है, जिसमें दो अटेंप्ट के लिए 15,000 रुपए की पेशकश की गई है।

SC छात्रों को 1000 रुपए का वजीफा


पार्टी ने भीमराव आंबेडकर स्टाइपेंड योजना के तहत, ITI और पॉलिटेक्निक स्किल सेंटर में तकनीकी कोर्स की शिक्षा लेने वाले अनुसूचित जाति समुदाय के छात्रों को हर महीने 1,000 रुपए का वजीफा देने की घोषणा की।

बीजेपी ने 10 लाख रुपये के जीवन बीमा और ड्राइवरों के लिए 5 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा का वादा करते हुए एक ऑटो-टैक्सी ड्राइवर कल्याण बोर्ड बनाने का भी वादा किया है। इसी तरह, पार्टी ने घरेलू कामगारों के लिए एक कल्याण बोर्ड बनाने का भी वादा किया है, जिसमें समान बीमा लाभ हैं।

घोटालों की जांच के लिए बनाएंगे SIT

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगर BJP राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में आती है, तो AAP सरकार की ‘अनियमितताओं’ और ‘घोटालों’ की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) बनाएगी।

ठाकुर ने दिल्ली में जल जीवन मिशन को लागू करने में विफल रहने के लिए AAP सरकार की आलोचना की और सत्ता में आने पर बुनियादी ढांचे में सुधार और कल्याण के लिए BJP की प्रतिबद्धता दोहराई।

इससे पहले, 17 जनवरी को केंद्रीय मंत्री और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के घोषणा पत्र का पहला हिस्सा जारी किया था। इसमें मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने का आश्वासन और 60-70 साल की उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2,500 रुपए की मासिक पेंशन और 70 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए 3,000 रुपये की मासिक पेंशन जैसे वादे शामिल थे।

गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपए देने का वादा

महिलाओं के लिए पार्टी ने मातृ सुरक्षा वंदना योजना शुरू करने की घोषणा की थी, जिसके तहत छह पोषण किट और हर एक गर्भवती महिला को 21,000 रुपये दिए जाने का वादा शामिल है।

भाजपा ने आखिरी बार 27 साल पहले दिल्ली की सत्ता संभाली थी। इसके बाद से वह यहां की सत्ता से बाहर है। पार्टी 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में क्रमशः केवल तीन और आठ सीट ही हासिल कर पाई है।

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।