Delhi Chunav: हरियाणा सरकार ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के कारण 5 फरवरी 2025 को पेड हॉलिडे का ऐलान किया है। इस फैसले का मकसद ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करना है। सरकार ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि यह छुट्टी नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 की धारा 25 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135-बी के तहत लागू किया गया है। यह प्रावधान उन कर्मचारियों पर लागू होगा जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) दिल्ली के रजिस्टर मतदाता हैं, जिससे वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। हरियाणा सरकार ने साफ किया कि कारखानों, दुकानों और प्राइवेट दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारी भी मतदान के लिए इस पेड हॉलिडे को ले सकते हैं।
हरियाणा सरकार ने छुट्टी का किया ऐलान
दिल्ली के उप मुख्य चुनाव अधिकारी टी मिसाओ ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मतदान के दिन सभी कर्मचारियों के लिए पेड हॉलिडे की मांग की है। इस पत्र में दिल्ली सरकार के श्रम आयुक्त, हरियाणा सरकार के श्रम विभाग और उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव का जारी नोटिस लगाया गया है। जिसमें दिल्ली के रजिस्टर मतदाताओं को छुट्टी लेने की इजाजत दी गई है। इससे पहले 17 जनवरी को कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए पब्लिक हॉलिडे घोषित किया था। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी 2025 को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
दिल्ली में बंद रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर-स्कूल-कॉलेज
दिल्ली सरकार ने चुनाव के दिन पब्लिक हॉलिडे का ऐलान कर दिया है। 5 फरवरी को सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। ताकि, सरकारी कर्मचारी मतदान कर सकेंगे। इसके अलावा सभी स्कूल और कॉलेज दिल्ली में बंद रहेंगे। दिल्ली के स्कूलों का इस्तेमाल मतदान के लिए किया जाता है। इस कारण दिल्ली के कई स्कूलों में एक दिन पहले ही छुट्टी कर दी जाती है। ऐसा हो सकता है कि कई स्कूलों में 4 और 5 फरवरी की छुट्टी रहे। बैंक भी 5 फरवरी को बंद रहेंगे।
बंद रहेंगी दिल्ली की सभी मार्केट
दिल्ली में चुनावों के कारण राजधानी की सभी मार्केट और दुकानें बंद रहेंगी। कमला नगर, क्नॉट प्लेस, लाजपतनगर, कृष्णा नगर मार्केट, सरोजिनी नगर मार्केट, चांदनी चौक आदि सभी ये मार्केट बंद रहेंगी।