Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार (17 जनवरी) को कहा कि दिल्ली चुनाव के अपने संकल्प पत्र में BJP ने AAP की नकल की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कई रेवड़ियों की घोषणा की है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी पार्टी द्वारा किए गए मुफ्त के वादों को स्वीकार नहीं करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।
इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अब यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि मुफ्त में चीजें देने के लिए उनकी आलोचना करना गलत था। विपक्षी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा, "भाजपा ने बार-बार कहा है कि केजरीवाल मुफ्त में चीजें देते हैं, लेकिन आज BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घोषणा की है कि वे भी दिल्ली के लोगों को मुफ्त में चीजें देंगे।"
उन्होंने कहा, "मैं उनसे कहना चाहता हूं कि उन्हें यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमारे बारे में जो कहा था वह गलत था। उन्हें यह भी स्वीकार करना चाहिए कि मुफ्त में चीजें देना गलत नहीं है। यह भगवान का उपहार है और देश के लिए अच्छा है।" केजरीवाल ने कहा, "मोदी जी को आगे आना चाहिए और आश्वासन देना चाहिए कि वह इन (भाजपा) वादों से सहमत हैं। उन्हें बताना चाहिए कि मैं मुफ्त में सुविधाएं देने के मामले में सही था।"
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के घोषणापत्र में केवल वही वादे किए गए हैं जो AAP पहले से ही कर रही है। तो फिर लोग उन्हें वोट क्यों दें? उन्होंने BJP के घोषणापत्र में कानून-व्यवस्था में सुधार के बारे में कोई वादा शामिल नहीं करने के लिए उसकी आलोचना की और उनके चुनावी दस्तावेज को झूठ का पुलिंदा बताया। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि BJP ने केवल उन्हीं पुरानी योजनाओं का वादा किया है, जिन्हें पूरा करने में वे विफल रहे हैं।
इसके अलावा केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट में लिखा, "बीजेपी ने सरेआम खुले में स्वीकार किया कि दिल्ली में केजरीवाल की ढेरों कल्याणकारी योजनाएं चल रहीं हैं जिसका लाभ बीजेपी वालों के परिवारों को भी मिल रहा है। हमें राजनीति करनी नहीं आती, काम करना आता है। और काम ऐसा करते हैं कि हमारे विरोधी भी उसकी तारीफ़ करते हैं।"
उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, "बीजेपी का संकल्प पत्र नहीं है बल्कि 'केजरीवाल पत्र' है कि दिल्ली में केजरीवाल की सभी योजनाओं को जारी रखेंगे। बीजेपी का कहना है 'केजरीवाल वाले सारे काम करने के लिए बीजेपी को वोट दो।' केजरीवाल वाले सारे काम तो केजरीवाल ही ज्यादा अच्छे करेगा, फिर कोई बीजेपी को वोट क्यो दे?"
भारतीय जनता पार्टी ने पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना संकल्प पत्र-1 जारी किया। इसके केंद्र में महिलाओं को रखते हुए 2,500 रुपये की मासिक सहायता और गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की आर्थिक मदद सहित कई वादे किए गए हैं। पार्टी ने विधानसभा चुनाव जीतने पर 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2,500 रुपये पेंशन देने का भी वादा किया है।
पार्टी ने घोषणा की कि यदि वह दिल्ली की सत्ता में आती है तो आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से चलाई जा रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को जारी रखेगी और उन्हें ज्यादा कारगर तरीके से लागू करेगी। बीजेपी अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र के नाम से जारी करती है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान होना है। जबकि नतीजे आठ फरवरी को आएंगे।