आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संजोयक अरविंद केजरीवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया और कुल 1.73 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की। चुनाव आयोग को सौंपे गए केजरीवाल के हलफनामे के अनुसार, उनकी संपत्ति में 2.96 लाख रुपए की बैंक सेविंग्स और 50,000 रुपए कैश शामिल हैं। उनकी अचल संपत्ति 1.7 करोड़ रुपए की है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, हलफनामे से खुलासा हुआ है कि अरविंद केजरीवाल के पास कोई घर या कार नहीं है। इसके मुताबिक, वित्त वर्ष 2023-24 में केजरीवाल की आय 7.21 लाख रुपए थी।
पत्नी सुनीता केजरीवाल के पास 2.5 करोड़ की संपत्ति
हलफनामे में कहा गया है कि केजरीवाल की पत्नी सुनीता के पास कुल 2.5 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें एक करोड़ रुपए से ज्यादा की चल संपत्ति और 1.5 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है।
इसमें बताया गया है कि सुनीता केजरीवाल के पास 25 लाख रुपए का 320 ग्राम सोना, 92,000 रुपए की एक किलोग्राम चांदी, गुरुग्राम में एक मकान और एक छोटी फाइव सीटर कार है।
हलफनामे के मुताबिक, केजरीवाल दंपति के पास कुल 4.23 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
केजरीवाल ने 2020 में दाखिल चुनावी हलफनामे में अपने पास कुल 3.4 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की थी। साल 2015 के चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति 2.1 करोड़ रुपए बताई थी।
‘आप’ के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। जैन के हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 4.4 करोड़ रुपए है, जिसमें 30.67 लाख रुपए की चल संपत्ति और 4.12 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए पांच फरवरी को एक चरण में मतदान होगा। वोटों की गिनती आठ फरवरी को की जाएगी।