आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को BJP नीत केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की 'हत्या' की साजिश रचने का आरोप लगाया। दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी ने चुनाव आयोग से आग्रह किया कि पंजाब पुलिस की ओर से उन्हें दी गई सुरक्षा बहाल की जाए, जो वापस ले ली गई है। इस आरोप पर भाजपा या दिल्ली पुलिस की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए कहा कि उन्होंने आयोग को पत्र लिखकर पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP को ‘‘समान अवसर’’ देने, केजरीवाल को पंजाब पुलिस की ओर से दी गई सुरक्षा बहाल करने और उन पर ‘‘जानलेवा’’ हमलों की जांच करने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश के अनुसार, केजरीवाल पर कथित हमलों पर आंखें मूंद ली हैं।
आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा, "केजरीवाल जी की हत्या की इस साजिश में दो लोग शामिल हैं- BJP और दिल्ली पुलिस। वे दोनों केजरीवाल की जान लेने की साजिश कर रहे हैं। उन पर एक के बाद एक हमले की कोशिश की गई है। अक्टूबर (पिछले साल) में केजरीवाल पर हमला किया गया। जांच में पता चला कि हमलावर भाजपा कार्यकर्ता थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।'
उन्होंने कहा, "हमने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर केजरीवाल की सुरक्षा बहाल करने की मांग की है। हमें दिल्ली पुलिस पर भरोसा नहीं है, क्योंकि वह अमित शाह के नियंत्रण में है।"
AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव से पहले 'गंदी राजनीति' करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केजरीवाल की सुरक्षा हटाने की साजिश रची है।