नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी ने दिल्ली BJP नेता प्रवेश वर्मा के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई है। वर्मा नई दिल्ली सीट से दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां अन्य सभी 69 सीटों के साथ 5 फरवरी को मतदान होना है। वह आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं।
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी ने मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन के SHO को एक पत्र लिखकर कहा है कि उन्हें शिकायत मिली है कि प्रवेश वर्मा नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को “जूते बांट रहे हैं”।
अधिकारी ने पुलिस अधिकारी को लिखे पत्र में कहा, "शिकायतकर्ता ने दो वीडियो भेजे हैं, जिनमें प्रवेश साहिब सिंह वर्मा महिलाओं को जूते बांटते नजर आ रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123 के अनुसार, किसी उम्मीदवार या उसके एजेंट द्वारा या उम्मीदवार या उसके चुनाव एजेंट की सहमति से किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किसी व्यक्ति को किसी भी प्रकार का उपहार, प्रस्ताव या वादा करना "भ्रष्ट आचरण" के अंतर्गत आता है।
रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा, "इसलिए, यह निर्देश दिया जाता है कि मामले की तत्काल जांच की जाए और MCC के उल्लंघन के लिए उचित कार्रवाई की जाए और आरपी अधिनियम, 1951 की धारा 123 के तहत कार्रवाई शुरू की जाए और कार्रवाई रिपोर्ट जल्द से जल्द नीचे हस्ताक्षरकर्ता को प्रस्तुत की जाए।"
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि वर्मा के खिलाफ शिकायत के आधार पर एक गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (NCR) दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
हालांकि वर्मा ने इन आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि वह मंदिर में सफाई कर्मचारियों के पैरों में जूते पहनाकर उनका सम्मान कर रहे थे और कोई जूते नहीं बांटे गए।
प्रवेश वर्मा ने नामांकन दाखिल किया
भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। वर्मा अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने चुनाव जीतने का विश्वास जताते हुए कहा कि यह नामांकन विकास के लिए दाखिल किया गया है और भाजपा निश्चित रूप से नई दिल्ली सीट से जीतेगी।