Get App

Mamata Banerjee: 'BJP बंगाल चुनाव में धांधली करना चाहती है'; मतदान के दिन पहली बार परेशान नजर आईं सीएम ममता बनर्जी, ECI पर लगाया बड़ा आरोप

Bengal Election 2026 Voting: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार (29 अप्रैल) को पत्रकारों से कहा कि यहां बाहर से बहुत सारे ऑब्जर्वर आए हैं। BJP जो कहती है, वे वही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरा आस-पास देखो, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं। क्या चुनाव ऐसे होते हैं? वोट वोटर डालेंगे, पुलिस या सुरक्षा बल नहीं

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Apr 29, 2026 पर 10:31 AM
Mamata Banerjee: 'BJP बंगाल चुनाव में धांधली करना चाहती है'; मतदान के दिन पहली बार परेशान नजर आईं सीएम ममता बनर्जी, ECI पर लगाया बड़ा आरोप
Bengal Election 2026 Voting: ममता बनर्जी ने बुधवार को बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे आतंकवाद कर रहे हैं

West Bengal Election 2026 Voting: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार ममता बनर्जी ने बुधवार (29 अप्रैल) को चुनाव आयोग (ECI) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। भवानीपुर में एक पोलिंग बूथ पर पहुंचीं ममता बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, "बाहर से बहुत सारे ऑब्जर्वर आए हैं। BJP जो कहती है, वे वही कर रहे हैं। जरा आस-पास देखो, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं। क्या चुनाव ऐसे होते हैं? वोट वोटर डालेंगे, पुलिस या सुरक्षा बल नहीं। हाल ही में कुछ नए लोग लाए गए हैं और वे जो चाहें कर रहे हैं। वे आतंकवाद कर रहे हैं।"

मुख्यमंत्री ममता ने आगे कहा, "देखिए हमारे (TMC) कार्यकर्ता को रात में कैसे पीटा गया। जरा इस जुल्म को देखिए। किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती। वोटिंग शांति से होती है। यह लोकतंत्र का त्योहार है। लेकिन उन्होंने इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। इरादा बिल्कुल साफ है कि BJP जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है। हमारे कार्यकर्ता और लोग मरने को तैयार हैं, लेकिन वे जगह नहीं छोड़ेंगे।"

ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया, जहां मतदान जारी है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, जहां उनकी नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से प्रतिष्ठा की लड़ाई है। इस मुकाबले को नंदीग्राम की लड़ाई की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में अधिकारी ने बनर्जी को हरा दिया था।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख आमतौर पर मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट स्थित आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वह सुबह आठ बजे से पहले ही भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने निकल पड़ीं, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के मतदान केंद्र भी शामिल हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें