TMC vs BJP: एक कथित वीडियो सामने सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस वायरल वीडियो में सिकंदराबाद नगर पालिका परिषद के चेयरमैन और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता डॉ. प्रदीप दीक्षित ने कथित तौर पर ऐलान किया है कि जो भी तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद सियानी घोष का सिर काटकर लाएगा उसे एक करोड़ का इनाम दिया जाएगा।
यह बयान एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दिया गया, जो सायोनी घोष के सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े एक पुराने पोस्ट को लेकर किया जा रहा था। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी नेता ये बयान कथित तौर पर सिकंदराबाद में हिंदू संगठनों द्वारा आयोजित एक सभा में दिए गए थे। यह सभा भगवान शिव और शिवलिंग से जुड़ी एक विवादित तस्वीर को लेकर बुलाई गई थी।
यह मामला 2015 में घोष के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किए गए एक पोस्ट से जुड़ा है। यह पोस्ट बाद में खासकर पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान फिर से चर्चा में आया था। ऑनलाइन वायरल हो रहे एक वीडियो में दीक्षित को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया, "मैं हर दिन एक घंटे भगवान शिव की पूजा करता हूं। TMC सांसद सायोनी घोष ने जो किया है, उससे मुझे गहरा दुख पहुंचा है। जो कोई भी सायोनी घोष का कटा हुआ सिर लेकर आएगा, उसे 1 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।"
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस विरोध प्रदर्शन में हिंदू संगठनों के नेतृत्व में 3,100 किलोमीटर की पदयात्रा भी शामिल थी। प्रदर्शनकारियों ने इसे हिंदू देवी-देवताओं का अपमान बताया था। इस कार्यक्रम के वीडियो क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद दीक्षित ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार कर दिया। बीजेपी नेता ने दावा किया कि वीडियो फ़ुटेज को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल करके बदला गया है।
'इंडिया टुडे' से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वायरल क्लिप के साथ छेड़छाड़ की गई है ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा, "मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।" उन्होंने आगे कहा कि कुछ शरारती तत्वों ने AI टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके वीडियो के साथ छेड़छाड़ की है ताकि इसे ऑनलाइन फैलाया जा सके।
इस विवाद ने एक बार फिर 2015 के उस सोशल मीडिया पोस्ट की ओर ध्यान खींचा है। इसके कारण TMC सांसद पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगे थे। सायोनी घोष ने पहले भी यह कहा था कि उस समय उनका अकाउंट हैक हो गया था। जब उन्हें अपने अकाउंट का एक्सेस वापस मिला, तो उन्होंने उस पोस्ट को हटा दिया था। इस मामले को लेकर पहले भी पश्चिम बंगाल BJP के पूर्व अध्यक्ष तथागत रॉय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
अपनी शिकायत में रॉय ने लिखा, "मैं भगवान शिव का भक्त हूं। 1996 में मैंने शिव की पूजा करने के लिए पैदल कैलाश-मानसरोवर यात्रा की थी। अभिनेत्री सायनी घोष द्वारा शेयर की गई इस तस्वीर को देखकर मेरी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इस मामले की जाँच करें और उनके खिलाफ ज़रूरी कार्रवाई करें।"
कांग्रेस नेताओं ने सिकंदराबाद में की गई कथित टिप्पणियों की आलोचना की और पुलिस से दखल देने की मांग की। बुलंदशहर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जियाउर रहमान ने सवाल उठाया कि अगर सार्वजनिक रूप से ऐसे बयान दिए जाएं, तो महिलाएं सुरक्षित कैसे महसूस कर सकती हैं। उन्होंने दीक्षित के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
BJP के जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने पार्टी को इस विवाद से अलग करते हुए कहा कि दीक्षित की टिप्पणियां अगर उन्होंने ऐसा कहा है, तो वे उनकी निजी राय को दर्शाती हैं न कि पार्टी के आधिकारिक रुख को। उन्होंने कहा कि BJP महिलाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी इस तरह के अपमानजनक बयानों का समर्थन नहीं करती। रिपोर्ट लिखे जाने तक, न तो स्थानीय पुलिस और न ही जिला प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया था।