Saayoni Ghosh: बंगाल चुनाव में हनुमान चालीसा से लेकर कलमा पढ़ने तक...जानें- TMC की फायरब्रांड सांसद सायोनी घोष की कहानी

Who Is Saayoni Ghosh?: बंगाली एक्ट्रेस और सिंगर के बाद अब पॉलिटिशियन बनीं सायोनी घोष बंगाल विधानसभा चुनाव में छाई हुई हैं। वह अभी जादवपुर संसदीय सीट से TMC सांसद हैं। वह कभी हनुमान चालीसा का पाठ तो कभी कलमा पढ़कर बंगाल चुनावों में हिंदू-मुस्लिम एकता की अपील कर सबका ध्यान अपनी तरफ खींच रही हैं

अपडेटेड Apr 27, 2026 पर 3:26 PM
Story continues below Advertisement
Who Is Saayoni Ghosh?: सायोनी घोष का नाम इन दिनों बंगाल चुनाव में सबसे अधिक चर्चा में है

Who Is Saayoni Ghosh?: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की फायरब्रांड लोकसभा सांसद सायोनी घोष पश्चिम बंगाल की पॉलिटिक्स में एक दमदार आवाज बनकर उभरी हैं। बंगाली एक्ट्रेस और सिंगर के बाद अब पॉलिटिशियन बनीं सायोनी घोष बंगाल विधानसभा चुनाव में छाई हुई हैं। वह अभी जादवपुर संसदीय सीट से TMC सांसद हैं। वह कभी हनुमान चालीसा का पाठ तो कभी कलमा पढ़कर बंगाल चुनावों में हिंदू-मुस्लिम एकता की अपील कर सबका ध्यान अपनी तरफ खींच रही हैं।

घोष ने हाल ही में हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश करते हुए इस्लाम धर्म का कलमा और सनातन धर्म की हनुमान चालीसा पढ़ी। वह इस वक्त बंगाल सीएम ममता बनर्जी की 'युवा शक्ति' का चेहरा बन चुकी हैं। कहा जाता है कि घोस लोकसभा सांसद एवं ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के करीबी लोगों के ग्रुप का भी हिस्सा हैं। अभिषेक को TMC में दूसरे सबसे बड़े नेता के तौर पर देखा जाता है। 2010 में उन्होंने बंगाली एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा और जल्द ही पूरे पश्चिम बंगाल में घर-घर में जाना-पहचाना नाम बन गई।

हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश


लगभग 16 साल बाद सायोनी घोष ने एक बार फिर सबका ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इस बार अपनी जबरदस्त स्पीच की वजह से पूरे बंगाल में छाई हुई हैं। उनके स्पीच में हनुमान चालीसा के पाठ से लेकर दूसरे हिंदू और मुस्लिम प्रार्थनाओं एवं सिख भजनों तक का जिक्र होता है।

भले ही घोष पहली बार सांसद बनी हों। लेकिन तृणमूल कांग्रेस (TMC) की रैलियों और रोडशो में उन्हें देखने के लिए जो भीड़ उमड़ रही है। उसकी तुलना ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी जैसे दिग्गज नेताओं से की जा रही है। 2026 के पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान उनकी स्पीच सोशल मीडिया पर चर्चा का एक अहम विषय बन गई है।

भगवान राम के साथ अल्लाह को ही कर रही हैं याद

सायोनी घोष अपने चुनावी संबोधन में चंडी पाठ (रूपं देहि जयं देहि...) और हनुमान चालीसा (जय हनुमान ज्ञान गुण सागर...) के साथ-साथ 'ला इलाहा इल्लल्लाह...' और गुरुबाणी के अंशों का समावेश कर रही हैं, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। TMC की स्टार प्रचारक घोस एकता का संदेश दे रही हैं। जबकि BJP ममता बनर्जी पर मुसलमानों को खुश करने और हिंदू-विरोधी होने का आरोप लगा रही है।

कौन हैं सायोनी घोष?

1993 में कोलकाता में जन्मी सायोनी घोष ने बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले अपनी स्कूली शिक्षा इसी शहर में पूरी की। उन्होंने 'Ichhe Dana' फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। उसके बाद Kanamachi, Rajkahini, Aparajito और Byomkesh O Chiriyakhana जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। इस समय वह पश्चिम बंगाल तृणमूल युवा कांग्रेस की प्रमुख हैं। घोष 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुईं।

अपनी जबरदस्त भाषण कला और जोशीले चुनाव प्रचार के लिए मशहूर उन्होंने TMC में आते ही अपनी एक अलग छाप छोड़ी। आसनसोल से BJP की अग्निमित्रा पॉल के हाथों अपना पहला चुनाव हारने के बावजूद ममता बनर्जी ने उनका साथ देना जारी रखा। ममता ने बाद में उन्हें पश्चिम बंगाल तृणमूल युवा कांग्रेस का प्रमुख नियुक्त किया।

उनके राजनीतिक करियर में अहम मोड़ 2024 के लोकसभा चुनावों में आया, जब उन्होंने जादवपुर से ऐतिहासिक जीत हासिल की। उन्होंने दो लाख से अधिक वोटों के अंतर से लोकसभा चुनाव जीता। संसद में पहुंचने के बाद से वह लोकसभा में विपक्ष की सबसे मुखर सांसदों में से एक बनकर उभरी हैं। अक्सर वह अपने भाषणों में BJP के नेतृत्व वाली सरकार पर सीधे तौर पर निशाना साधती हैं।

ये भी पढे़ं- Bengal Election 2026: कोलकाता, 24 परगना और हावड़ा...इन 91 सीटों से होगा बंगाल की सत्ता का फैसला

हालांकि, घोष को केंद्रीय एजेंसियों की जांच का सामना करना पड़ा है। पश्चिम बंगाल प्राथमिक स्कूल भर्ती मामले के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनसे पूछताछ की थी। इससे पहले, 2015 में महाशिवरात्रि के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक विवादित तस्वीर पोस्ट करने के बाद वह विवादों में घिर गई थीं। बाद में उन्होंने दावा किया कि उनका अकाउंट हैक हो गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।