तृणमूल कांग्रेस ने X पर मिताली बाग का वीडियो शेयर करते हुए गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने अपने पोस्ट में कहा कि अमित शाह ने पहले ही उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं को धमकी दी थी कि जो भी घर से बाहर निकलेगा, उसे सजा दी जाएगी और अब उसी धमकी को अंजाम दिया गया है। पोस्ट में कहा गया कि उनकी सांसद मिताली बाग, पर भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने कथित तौर पर हमला किया। पार्टी का दावा है कि उनकी कार को नुकसान पहुंचाया गया, विंडशील्ड तोड़ दी गई और कांच के टुकड़े उनके शरीर में जा लगे, जिससे वह दर्द से कराहती हुई नजर आईं। तृणमूल कांग्रेस ने इसे एक गंभीर साजिश बताते हुए कहा कि यह एक चुनी हुई सांसद की जान लेने की कोशिश है। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह सब एक सोची-समझी योजना के तहत हुआ और इसके लिए अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया। पोस्ट में यह भी कहा गया कि चुनाव में हार की आशंका के कारण भाजपा इस तरह की हिंसा और हमलों का सहारा ले रही है, जो बेहद चिंताजनक है।