Aamir Khan: साल 2011 में इमरान खान की एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘देली बेली’ को युवा दर्शकों ने खूब पसंद किया। फिल्म की कहानी को काफी पसंद किया गया था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन औसत रहा था। वहीं हाल ही में हुई फिल्म 'देली बेली' की एक फैन मीट में आमिर खान ने फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है। इस इवेंट में इमरान खान और वीर दास भी मौजूद थे। इस इवेंट में आमिर ने बताया कि मुंबई में फिल्म की एक टेस्ट स्क्रीनिंग के दौरान उन्होंने ‘देली बेली’ का पहला कट देखा था, जिसमें किरण राव, इमरान खान, म्यूज़िक कंपोजर राम संपत और कुछ करीबी लोग शामिल थे।
आमिर ने बताया कि उस वक्त उनके साथ पुलिस सुरक्षा रहती थी, इसलिए उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को भी फिल्म देखने के लिए बुला लिया था। वहीं आमिर ने बताया की वह भी फिल्म को पहली बार देख रहे थे। वहीं फिल्म देखने के बाद पुलिसवाले का रिएक्शन सुनकर वह हैरान रह गए थे।
'कितनी खराब फिल्म बना दी'
अपनी रिएक्शन को याद करते हुए आमिर खान ने कहा, "फिल्म की स्क्रीनिंग में वह खुद, किरण राव, इमरान खान, म्यूजिक कंपोजर राम संपत और करीब आठ से दस लोग मौजूद थे। मुंबई पुलिस की सिक्योरिटी हर जगह मेरे साथ रहती है। इसलिए, मैंने उनसे भी फिल्म देखने को कहा। मैं भी पहली बार फिल्म देख रहा था। जब मैं देख रहा था तो मैंने सोचा, “यार, कितनी खराब फिल्म बना दी है। (हंसते हुए)” अलग लेवल पर बुरी बनी है।”
इस फिल्म से अपना नाम गवा देंगे
आमिर ने आगे बताया कि, "स्क्रीनिंग के बाद मैंने एक पुलिसवाले से ईमानदारी से पूछा कि उसे फिल्म कैसी लगी। पुलिसवाले ने पहले स्क्रीन की तरफ देखा, फिर मेरी ओर देखा और फिर नीचे देखा। इसके बाद उसने कहा, 'सर, आपने पिछले 25 साल में जो नाम कमाया है, वो आप इस एक फिल्म में गवाने वाले हो।' आमिर ने कहा कि वह बात पुलिसवाले ने बिल्कुल साफ और बिना घुमाए कही थी।"
बाद में फिल्म को फिर से देखा गया
आमिर ने कहा कि, फिल्म के शुरुआती वर्जन को देखकर ऐसे रिएक्शन आना आम बात है। उन्होंने बताया, “कई बार पहला कट बिल्कुल काम नहीं करता, यह कोई नई बात नहीं है। जब ह्यूमर सही से नहीं बैठता और सिर्फ गालियां ज्यादा लगती हैं, तो ऐसा लगता है कि सब कुछ सिर्फ असर दिखाने के लिए किया गया है। ऐसे में फिल्म और भी खराब लगने लगती है। उस वक्त यह सच में बहुत बुरी लग रही थी।” बाद में आमिर ने बताया कि कुछ समय बाद पूरी टीम ने फिल्म को फिर से देखा और जिन हिस्सों में कमी थी, उन्हें सुधारने पर काम किया गया।
देली बेली आमिर खान प्रोडक्शंस के सहयोग से बनी थी। इस फिल्म की कहानी अक्षत वर्मा ने लिखी थी और निर्देशन अभिनय देव ने किया था। फिल्म में इमरान खान, कुणाल रॉय कपूर, वीर दास, पूर्णा जगन्नाथन और शेनाज ट्रेजरीवाला नजर आए थे। शुरुआत में यह फिल्म काफी रिस्की मानी जा रही थी, लेकिन समय के साथ यह दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल हो गई।