Abhishek Bachchan: बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन आज भी 'कजरा रे' को उन गानों में से एक मानते हैं, जिनकी शूटिंग में उन्हें सबसे ज्यादा मजा आया। इस आइकॉनिक गाने की शूटिंग को याद करते हुए एक्टर ने बताया कि यह किसी कोरियोग्राफ किए गए सीक्वेंस जैसा नहीं, बल्कि ऐश्वर्या राय बच्चन और अमिताभ बच्चन के साथ चार घंटे की डांस पार्टी जैसा था।
क्या बनेगा 'कजरा रे 2.0'?
BBC एशियन नेटवर्क के साथ एक इंटरव्यू में अभिषेक ने 'कजरा रे' की शूटिंग को याद करते हुए कहा- "मुझे नहीं लगता कि 'कजरा रे' के अलावा किसी और गाने की शूटिंग में मुझे इतना मजा आया होगा। यह बस एक बड़ी और मजेदार पार्टी जैसा था। हमने इसका बहुत आनंद लिया। मुझे आज भी याद है कि जब हम शूटिंग कर रहे थे, तब मेरा जन्मदिन था और उन्होंने उसे सेलिब्रेट किया।
एक्टर ने कहा कि असल में शाद ने बस गाना बजा दिया और हम लगभग चार घंटे तक डांस पार्टी करते रहे। उन्होंने उस दौरान काफ़ी कुछ शूट किया और हमारे मजे करने और सेट पर मस्ती करने वाले शॉट्स को गाने में शामिल किया।"
इसे 'कल्ट स्टेटस' वाला गाना बताते हुए अभिषेक ने कहा कि उन्हें यह गाना बहुत पसंद है और इसकी शूटिंग में उन्हें बहुत मजा आया। उन्होंने कहा कि इससे पुरानी अच्छी यादें ताजा हो गईं और गाने की शूटिंग में उन्हें बहुत आनंद मिला। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस गाने का 2.0 वर्शन करना चाहेंगे तो अभिषेक ने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लगेगा। मैं इसके लिए तैयार हूं। मुझे यह बहुत पसंद आएगा। हालांकि आपको ऐश्वर्या और मेरे पापा को मनाना होगा।"
2005 की फिल्म 'बंटी और बबली' में शामिल 'कजरा रे' गाने में अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन एक साथ एक जबरदस्त डांस नंबर में नजर आए थे। शंकर-एहसान-लॉय द्वारा कंपोज किए गए गुलजार के लिखे और अलीशा चिनॉय, शंकर महादेवन और जावेद अली द्वारा गाए गए इस गाने ने जबरदस्त सफलता हासिल की थी।
यह गाना इसलिए भी खास बन गया क्योंकि यह उन चुनिंदा मौकों में से एक था जब अमिताभ, अभिषेक और ऐश्वर्या ने एक डांस नंबर में साथ स्क्रीन शेयर की थी। दशकों बाद भी, 'कजरा रे' शादियों और पार्टियों में एक लोकप्रिय गाना बना हुआ है।