फिल्म ‘धुरंधर’ सीरीज को लेकर इस समय जबरदस्त चर्चा बनी हुई है और इसी बीच डायरेक्टर आदित्य धर का एक खास मैसेज फैंस का ध्यान खींच रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपील करते हुए कहा है कि दर्शक फिल्म देखने के बाद किसी भी तरह के स्पॉइलर शेयर न करें, ताकि बाकी लोग भी इस अनुभव का पूरा मजा ले सकें। इसके साथ ही उन्होंने एक दिलचस्प हिंट भी दिया, जिसने एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। आदित्य धर ने बताया कि फिल्म खत्म होने के बाद, यानी क्रेडिट्स के बाद भी कुछ खास देखने को मिलेगा। यही वजह है कि उन्होंने दर्शकों से थिएटर में आखिर तक बने रहने की गुजारिश की है।
इस इशारे के बाद फैंस के बीच कयासों का दौर शुरू हो गया है। हर कोई जानना चाहता है कि आखिर यह सरप्राइज क्या है और क्या यह ‘धुरंधर’ की कहानी को एक नए मोड़ पर ले जाने वाला है
पोस्ट-क्रेडिट सीन में छिपा है बड़ा संकेत?
आदित्य धर की इस बात ने फैंस के बीच उत्सुकता और भी बढ़ा दी है। लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि इस सरप्राइज के जरिए ‘धुरंधर 3’ की झलक दिखाई जा सकती है। यानी फिल्म का अंत सिर्फ क्लाइमैक्स पर नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत पर खत्म होगा।
रिपोर्ट्स में भी ‘धुरंधर 3’ की चर्चा तेज
हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो स्टूडियोज ने आदित्य धर को ‘धुरंधर 3’ पर काम शुरू करने का सुझाव दिया है। पहले मेकर्स इस पर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे, लेकिन ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की जबरदस्त एडवांस बुकिंग ने उनका भरोसा बढ़ा दिया है।
एडवांस बुकिंग ने मचाया धमाल
फिल्म की कमाई ने रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिया है। पेड प्रिव्यू से ही करोड़ों की कमाई हो चुकी है, जबकि ओपनिंग डे के लिए लाखों टिकट्स बिक चुके हैं। विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिससे साफ है कि ‘धुरंधर’ का क्रेज दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है।
क्या ‘धुरंधर’ बनेगा अगला बड़ा यूनिवर्स?
जिस तरह से फिल्म को रिस्पॉन्स मिल रहा है, उससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि मेकर्स इस सीरीज को एक बड़े सिनेमैटिक यूनिवर्स में बदलने की तैयारी कर रहे हैं। अब फैंस की नजरें उस सरप्राइज पर टिकी हैं, जो आगे की कहानी की दिशा तय करेगा।