Drishyam 4: अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम द कन्क्लूजन' ने सिनेमाघरों में अपना पहला हफ्ता जबरदस्त बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस के साथ पूरा कर लिया है। यह हिंदी फ्रैंचाइजी मोहनलाल की मलयालम फिल्मों पर आधारित है, लेकिन इसका नया चैप्टर कहानी को अंजाम तक पहुंचाते हुए अपने अलग रास्ते पर चलता है।
हालांकि फैन्स विजय सलगांवकर की वापसी की उम्मीद कर रहे हैं और उनके उत्साहित रहने की एक छोटी सी वजह भी है। भले ही नई फिल्म का नाम 'द कन्क्लूजन' है, लेकिन अजय ने एक और सीक्वल की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया है। एक्टर ने साफ किया कि मौजूदा फिल्म को कहानी के अंत के तौर पर प्लान किया गया था, लेकिन वह भविष्य के बारे में कुछ नहीं कह सकते।
गल्फ न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में अजय देवगन ने कहा-"अभी के लिए यह कहानी का अंत है। मैं इसके बारे में कुछ कह नहीं सकता। 'कभी नहीं' ये मैं नहीं कहूंगा। फैसला यही था कि यह कहानी का अंत है। अभी फैसला यही है कि यह कहानी का अंत है, पर आगे क्या होगा ये समय की डिमांड पर निर्भर है।
एक्टर ने बताया कि शुरू में टीम की 'दृश्यम' की तीसरी फिल्म बनाने की कोई योजना नहीं थी। उन्होंने इस आइडिया पर चर्चा की और अलग-अलग कहानियों पर काम किया, लेकिन शुरुआती प्लान सफल नहीं हुए। कई कोशिशों के बाद राइटर्स को आखिरकार एक ऐसी कहानी मिल गई जो फिल्म के लिए सही लगी। टीम को स्क्रिप्ट पसंद आई और वे तीसरे पार्ट पर आगे बढ़ने को लेकर कॉन्फिडेंट थे।
अजय देवगन के अनुसार, "हमने उनसे (मलयालम टीम से) बात की और कहा, 'चलो इसे बनाते हैं, हमारे पास एक स्क्रिप्ट है।' फिर उन्होंने बताया कि वे भी किसी चीज पर काम कर रहे हैं और उनके पास भी एक स्क्रिप्ट है। इसलिए हमने सोचा कि एक-दूसरे की बात सुनते हैं और तय करते हैं कि क्या करना है।
"आखिरकार हम इस नतीजे पर पहुंचे कि यह एक शानदार स्क्रिप्ट है, लेकिन यह उनके दर्शकों के लिए ज्यादा सही है। हम अपनी स्क्रिप्ट को लेकर बहुत कॉन्फिडेंट थे। इसलिए हमने तय किया कि हम आगे बढ़ेंगे।" सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' ने भारत में 312 करोड़ रुपये और विदेशी बाज़ारों से 95 करोड़ रुपये की कमाई की है। इससे फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 407 करोड़ रुपये हो गया है।