साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की आने वाली पैन इंडिया फिल्म AA22 को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा हो रही है। बड़े बजट और दमदार स्टारकास्ट वाली इस फिल्म का निर्देशन हिट मशीन माने जाने वाले एटली कर रहे हैं। फिल्म के ऐलान के बाद से ही फैंस इसकी हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं। अब मेकर्स ने इसके प्रमोशनल कैंपेन को भी शुरू करने की तैयारी कर ली है, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल्लू अर्जुन के जन्मदिन 7 अप्रैल को फैंस के लिए खास सरप्राइज प्लान किया गया है।
बताया जा रहा है कि उसी रात 11:59 बजे फिल्म के टाइटल की पहली झलक सामने लाई जा सकती है। इस खास पल का इंतजार फैंस काफी बेसब्री से कर रहे हैं, क्योंकि इस फिल्म को बड़े स्तर की एक्शन एंटरटेनर माना जा रहा है।
टाइटल रिवील इवेंट में शाहरुख खान का खास अंदाज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म AA22 के टाइटल की पहली झलक को खास बनाने के लिए शाहरुख खान भी इस इवेंट से जुड़ सकते हैं। कहा जा रहा है कि शाहरुख इस टाइटल रिवील को प्रेजेंट करते नजर आ सकते हैं। वहीं इस इवेंट में अल्लू अर्जुन, दीपिका पादुकोण और डायरेक्टर एटली वर्चुअली शामिल हो सकते हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दोस्ती निभाने के लिए साथ आ सकते हैं शाहरुख
माना जा रहा है कि फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच बज बनाने के लिए ये खास प्रमोशनल रणनीति अपनाई जा रही है। शाहरुख खान और एटली की दोस्ती फिल्म ‘जवान’ के बाद और मजबूत हो गई है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि शाहरुख इस इवेंट का हिस्सा बनकर फिल्म को प्रमोट कर सकते हैं।
टीजर का बेसब्री से इंतजार
रिपोर्ट्स में ये भी कहा जा रहा है कि फिल्म का असली उत्साह तब और बढ़ेगा जब इसका टीजर रिलीज होगा। टीजर के जरिए दर्शकों को फिल्म के जॉनर, टोन और कहानी की झलक देखने को मिलेगी। खास बात ये है कि पहली बार अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है, जिसे लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं।
एक्शन और साइंस-फिक्शन का दमदार मेल
बताया जा रहा है कि ये फिल्म एक बड़े बजट की एक्शन एंटरटेनर होगी। कुछ रिपोर्ट्स में इसे साइंस-फिक्शन फिल्म भी बताया गया है। करीब एक साल पहले एटली ने इस प्रोजेक्ट का ऐलान किया था और बाद में दीपिका पादुकोण के कास्ट होने की खबर भी सामने आई थी। चर्चा ये भी है कि फिल्म में जाह्नवी कपूर एक छोटे लेकिन अहम रोल में नजर आ सकती हैं।
अल्लू अर्जुन-दीपिका की जोड़ी देखने को बेताब फैंस
फिल्म ‘पुष्पा 2’ की सफलता के बाद अल्लू अर्जुन अब इस बड़े प्रोजेक्ट के साथ दर्शकों के सामने आएंगे। हालांकि फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक ये फिल्म 2026 के अंत या 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। पहली बार अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण को एक साथ देखने के लिए दर्शक बेहद उत्साहित हैं और इस जोड़ी को पहले से ही हिट माना जा रहा है।