Amaal Mallik: कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म 'भूल भुलैया 3', जो नवंबर 2024 में रिलीज हुई थी, ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था, बल्कि इसका साउंडट्रैक भी हिट रहा। इसमें श्रेया घोषाल द्वारा गाया गया 'अमी जे तोमार 3.0' और सोनू निगम द्वारा गाया गया 'मेरे ढोलना 3.0' जैसे यादगार गाने शामिल थे। हाल ही में एक इंटरव्यू में, संगीतकार अमाल मलिक ने 'मेरे ढोलना 3.0' के लिए सोनू निगम को लेने के अपने स्ट्रगल के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को शुरू में संदेह था कि क्या सोनू निगम इस गाने के लिए सही विकल्प हैं और वे इस बात को लेकर निश्चित नहीं थे कि उन्हें सोनू निगम को ही चुनना चाहिए या नहीं।
पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में अमाल मलिक ने बताया कि किसी गाने के लिए कलाकार का चुनाव करते समय वे बहुत सोच-समझकर फैसला लेते हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि कुछ लोग सोनू निगम से 'मेरे ढोलना 3.0' गाना नहीं गवाना चाहते थे। उन्होंने कहा, “वे सोनू निगम जैसे प्रतिभाशाली गायक से 'मेरे ढोलना 3.0' गवाना नहीं चाहते थे, उन्हें यकीन नहीं था कि हमें सोनू निगम जैसे कलाकार को लेना चाहिए। अब, वो हर जगह छाए हुए हैं। एक गाना सब कुछ बदल देता है। उन्हें भी इस दौर से गुजरना पड़ा! उनके जैसे दिग्गज और प्रतिभाशाली कलाकार को कटघरे में खड़ा करो, उनकी परीक्षा लो! तब हम कहां खड़े होंगे?”
उन्होंने आगे बताया कि निर्माता और निर्देशक तो सहमत थे, लेकिन मार्केटिंग टीम और एक्टर की टीम ने दूसरे कलाकारों के नाम सुझाए। भूषण कुमार सर सहमत हैं। एएनआर (आर्टिस्ट्स एंड रिपर्टोयर, जो एक रिकॉर्ड लेबल का विभाग है) सहमत है। निर्देशक सहमत हैं। मार्केटिंग टीम से कोई न कोई आ रहा है, अभिनेता की टीम से मैनेजर आ रहे हैं, जो सुझाव दे रहे हैं, ‘हमें अरिजीत सिंह के साथ क्यों नहीं जाना चाहिए? हमें विशाल मिश्रा के साथ क्यों नहीं जाना चाहिए?’ मैं समझता हूं क्योंकि मेरी पसंद ये तीन थे, लेकिन मैं थोड़ा और दमदार आवाज चाहता था।
अमाल ने आगे कहा कि उन्हें सोनू निगम पर पूरा भरोसा था कि वे गाने के साथ न्याय करेंगे और उन्हें भारत में शास्त्रीय संगीत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “उन्होंने 45 मिनट में गाना पूरा कर लिया। यह दुनिया का सबसे कठिन गाना है जिसे मैंने रीकंपोज़ किया है। प्रीतम दा का मूल गीत जिसे मैंने एक नए छंद में ढाला।
अंत में वह सरगम, किसी भी शास्त्रीय संगीतकार से पूछिए, उनका मानना है कि उसे पूरा करने में 5 घंटे लगे होंगे। हमने स्टूडियो रात 7 से 12 बजे तक बुक किया था। वे अमेरिका में एक शो से सीधे रात 10 बजे आए और 10:45, लगभग 11 बजे तक गाना पूरा कर लिया। फिर सब लोग कहने लगे, ‘वाह, क्या गाना है!’ लेकिन गाने के लिए उनकी आवाज़ लाने की प्रक्रिया के दौरान, वे मुझे फिल्म से हटाने के लिए तैयार थे, यह कहते हुए कि आप हमारी बात नहीं सुन रहे हैं! इसलिए जब मैं अपना गायक चुनता हूं, तो कई बार संगीतकार को ही बदलना पड़ता है!