Amitabh Bachchan Birthday: मेगास्टार अमिताभ बच्चन क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर जन्मदिन-वीक के खास जश्न के दौरान भावुक हो गए, जब उनकी दिवंगत मां तेजी बच्चन की आवाज ने स्टूडियो को पुरानी यादों से भर दिया। यह भावुक पल तब आया जब शो में तेजी बच्चन की आवाज में एक कविता सुनाई गई, जिसे उनके पति और मशहूर हिंदी कवि हरिवंश राय बच्चन ने लिखा था।
'रात आधी हो गई है' कविता ने एक्टर को उनके माता-पिता की प्यारी यादों से भर दिया और वे भावुक हो गए। स्क्रीन पर युवा अमिताभ और उनकी मां की ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीरें दिखाई दीं और साथ ही तेज़ी बच्चन की आवाज में हरिवंश राय बच्चन की कविता सुनाई दी। उस जानी-पहचानी आवाज को तुरंत पहचानते हुए, भावुक बिग बी ने रुककर दर्शकों से कहा, "यह मां की आवाज है... हां, वह बाबूजी की एक कविता गा रही हैं।"
इसके अलावा एक छोटे बच्चे और डांसर ने मेगास्टार को ट्रिब्यूट देते हुए कहा, "अमिताभ बच्चन जी सिर्फ एक सुपरस्टार, होस्ट या पिता नहीं... बल्कि एक इमोशन हैं, हिंदुस्तान का इमोशन।" अमिताभ बच्चन ने अपनी दिवंगत मां और उनकी जिंदगी पर मां के असर के बारे में बात की है। तेजी बच्चन का निधन 2007 में हुआ था।
अमिताभ बच्चन ने हाल ही में कौन बनेगा करोड़पति 18 में अपने बचपन की यादें ताजा कीं। अभिनेता ने याद किया कि कैसे उनकी मां तेजी बच्चन ने अपने बच्चों की परवरिश करते हुए घर में अनुशासन बनाए रखा था। बिग बी ने पालन-पोषण के प्रति अपने पारंपरिक दृष्टिकोण और परिवार में स्थापित मूल्यों के बारे में बात की।
शो में मेहमान के तौर पर पहुंचीं माधुरी दीक्षित ने अमिताभ बच्चन से उनकी मां के बारे में पूछा और एक माता-पिता के रूप में वह कैसी थीं। "पिताजी के बारे में तो बहुत कुछ सुना है आपसे। लेकिन हम जानना चाहेंगे कि आपकी माता जी कैसी थीं? क्या वो सख्त थीं या अनुशासनप्रिय थीं या कैसी थीं।"। बिग बी ने जवाब दिया, "देखिए, हर मां जो होती है वो थोड़ी बहुत होती है, बच्चों के प्रति... 'ये करो, ऐसा मत करो, ये ठीक करो, वो ठीक करो'। तो जितनी मांएं करती हैं उतना उनकी ओर से होता था।
बता दें कि अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को 84 साल के हो जाएंगे। ज्यादा उम्र होने के बावजूद यह एक्टर लगातार काम कर रहे हैं और KBC के अलावा कई प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहे हैं।