Anurag Kashyap: फिल्ममेकर अनुराग कश्यप और बॉबी देओल एक बार फिर साथ आ रहे हैं। फिल्ममेकर ने एक्टर बॉबी देओल की आने वाली फिल्म बंदर में उनके रॉ और बेखौफ परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की है। अपनी अनोखी कहानियों के लिए मशहूर कश्यप ने बॉबी देओल के इस रोल को एक गहरा बदलाव बताया है, जो इमोशनल और आर्ट के लिहाज़ से अलग लेवल पर है।
क्या बोले अनुराग कश्यप
अनुराग कश्यप ने इसे बॉबी देओल का अब तक का सबसे इमोशनल और संवेदनशील परफॉर्मेंस बताया है। उन्होंने कहा कि बॉबी ने इस रोल को बेहद बेखौफ होकर निभाया है, खासकर तब जब उनकी मेनस्ट्रीम करियर में दोबारा जोरदार वापसी हुई है। कश्यप बोले, “ये किसी ऐसे इंसान का पूरा समर्पण है जो लंबे समय तक स्टार रहा, फिर एकदम खालीपन देखा और जब अब उसे हर तरह की बड़ी फिल्में मिल रही थीं, तब उसने बंदर चुनी और कहा ‘मैं ये करना चाहता हूं।’ क्योंकि उसने सोचा, ‘मुझसे कभी इतना इमोशनल और नाज़ुक होने को नहीं कहा गया।’ फिल्म में वो इतने सच्चे और खुले अंदाज़ में दिखे हैं कि उनकी कमजोरी ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गई है।”
नए प्रोजेक्ट को लेकर एक्साइटेड हैं अनुराग
'गैंग्स ऑफ वासेपुर', 'ब्लैक फ्राइडे' और 'अगली' जैसी शानदार फिल्में बनाने वाले जाने-माने डायरेक्टर अनुराग कश्यप अपनी खास और सच्ची कहानी कहने की शैली के साथ एक नया प्रोजेक्ट लेकर आए हैं। इस फिल्म में बॉबी देओल मुख्य भूमिका में हैं, जिनका करियर इन दिनों नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उनके साथ, फिल्म में सान्या मल्होत्रा, सबा आज़ाद और सपना पब्बी जैसी बेहतरीन अभिनेत्रियां भी हैं।
निखिल द्विवेदी फिल्म को कर रहे प्रोड्यूस
निखिल द्विवेदी, जिन्होंने पहले 'वीरे दी वेडिंग' (2018) और 'CTRL' (2024) जैसी सफल फिल्मों को प्रोड्यूस किया है, अब एक और अनोखी कहानी के साथ तैयार हैं। वह इसके अलावा, श्रद्धा कपूर की आने वाली फैंटसी ड्रामा फिल्म 'नागिन' के भी प्रोड्यूसर हैं। फिल्म 'बंदर' की रिलीज डेट अभी बताई नहीं गई है।
मुंबई को अनुराग ने कहा अलविदा
अनुराग कश्यप मुंबई छोड़ने के बाद से जिंदगी को नए सिरे से शुरू कर चुके हैं। साउथ में उनकी फिल्मों को काफी समर्थन मिल रहा है। वह साउथ की फिल्मों में एक्टिंग में भी किस्मत आजमा रहे हैं। इस साल मार्च में अनुराग ने खुलासा किया था कि उन्होंने मुंबई छोड़ दिया है और वह साउथ में पहुंच गए हैं।
माया नगरी से हुआ मोहभंग
अनुराग कश्यप ने बताया था कि उनका मुंबई से मोहभंग हो चुका है। क्योंकि हिंदी फिल्म मेकर्स बिना क्रिएटिविटी बढ़ाए बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस के पीछे दौड़ रहे हैं। अनुराग सुधीर श्रिनिवासन के पॉडकास्ट में बोले थे कि मैं डिप्रेशन में पहुंच गया था। मैं उससे संघर्ष के बाद बाहर आ गया हूं। अब मैं खुद को एन्जॉय कर रहा हूं। यहां तक मैंने मैंने हिंदी फिल्में देखना भी बंद कर दिया है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।