Amaal Malik: 'बिग बॉस 19' में नजर आए अमाल मलिक पिछले कुछ समय चर्चा में बने हुए हैं। वहीं बिग बॉस 19 में उन्होंने अपनी सेहत से जुड़ी परेशानियों के बारे में भी खुलकर बात की थी। अब हाल ही में एक बातचीत में अमाल ने बताया कि उन्हें जिंदगी में कई सर्जरी से गुजरना पड़ा है। कई बार उनकी हड्डियां भी टूट चुकी हैं, जिनका दर्द उन्होंने लंबे समय तक सहा है। अमाल ने ये भी बताया कि, उनको अपने सर्जरी के लिए 5 लाख रुपये का लोन लेना पड़ा था। जानें
पिंकविला से बात करते हुए अमाल ने कहा, “मेरी कुछ सर्जरी अभी बाकी हैं। मेरे घुटने में ACL की समस्या है। 19 साल की उम्र में मेरी पूरी चीकबोन टूट गई थी, जिसे दोबारा बनाना पड़ा। मेरे जबड़े के आसपास 45 टांके लगे हैं। मेरा दाहिना कंधा डिसलोकेट हो चुका है, बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और मेरी नाक भी टूट चुकी है। मैं खुद को टर्मिनेटर जैसा मानता हूं, हर दिन उठकर काम करता हूं। मेरी मेंटल स्ट्रेंथ ही मुझे आगे बढ़ने की ताकत देती है।”
'पहले मेरे पास इसके लिए पैसे नहीं थे'
अमाल ने आगे कहा, “अब मुझे धीरे-धीरे इन सब समस्याओं को ठीक करने और उन पर काम करने की जरूरत है। अच्छी बात ये है कि अच्छे नी-ब्रेसेज हैं, जो मुझे शो में परफॉर्म करने में मदद करते हैं। एक समय ऐसा भी था जब मेरा पूरा घुटना घूमकर अपनी जगह से निकल जाता था। ऐसा बिग बॉस 19 के फिनाले परफॉर्मेंस के दौरान हुआ, जब मैंने एक डांस सीक्वेंस किया और घुटने में तेज दर्द हो गया। कुछ शारीरिक समस्याएं हैं जिन्हें ठीक करना जरूरी है। पहले मेरे पास इसके लिए पैसे नहीं थे और अब मेरे पास समय नहीं है।”
'5 लाख रुपये का लोन लेना पड़ा'
अमाल ने बताया, “आजकल सर्जरी काफी महंगी हो गई हैं। अपने चेहरे की सर्जरी के लिए मुझे सिर्फ मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के लिए ही 5 लाख रुपये का लोन लेना पड़ा था। मेरे सिर का दाहिना हिस्सा टूट गया था और मैंने यह सब बहुत मेहनत से झेला है। 12वीं के एग्जाम के समय मेरा पूरा चेहरा टूट गया था, फिर भी मैंने एक खास डिवाइस की मदद से 3–4 घंटे तक आंखें खुली रखकर परीक्षा दी। मैंने शारीरिक और मानसिक, दोनों तरह की मुश्किलों का सामना किया है। अब मैं बस धीरे-धीरे सब कुछ ठीक करने की कोशिश कर रहा हूं। मैंने अपनी 35 साल की उम्र इसी संघर्ष में गुजारी है, क्योंकि यह जंग तब शुरू हुई थी जब मैं सिर्फ पांच साल का था।”
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमाल मलिक इन दिनों सोशल मीडिया पर फरहाना भट्ट के साथ तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बिग बॉस 19 के ये दोनों पूर्व कंटेस्टेंट जल्द ही एक म्यूजिक वीडियो में साथ नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।