Gustaakh Ishq Release: अपने मैजिक से हर हसीना का लुक सवारने वाले मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा अब फिल्म मेकर के तौर पर अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। उनकी पहली फिल्म का टाइटल 'गुस्ताख इश्क' हैं। इस लेकर मनीष मल्होत्रा ने लेटेस्ट अपडेट शेयर किया है। मनीष मल्होत्रा ने फिल्म की स्टार कास्ट से लेकर इसकी रिलीज डेट तक का ऐलान सोशल मीडिया पर कर दिया है।
मनीष मल्होत्रा ने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनने जा रही उनकी पहली फिल्म 'गुस्ताख इश्क' उनके साथ-साथ फैंस के लिए खास होने वाली है। फैशन डिजाइनर के तौर पर मनीष दुनियाभर की महिलाओं की पहली पसंद हैं। हर उम्र की महिलाएं एक बार उनके डिजाइन को पहनने के लिए बेताब रहती हैं। वहीं अब फिल्ममेकिंग में वह अपना जलवा दिखा पाते हैं या नहीं ये देखने वाली बात होगी।
इस फिल्म में विजय वर्मा और फातिमा सना शेख का फ्रेश पेयर दिखने वाला हैं। दोनों फिल्म में इश्कबाजी करते दिखेंगे। हाल ही में मनीष मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद खास पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने अपनी पहली फिल्म को लेकर खुशी जाहिर की है और बताया कि ये फिल्म उनके दिल के सबसे करीब है।
'गुस्ताख इश्क' पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर करते हुए मनीष मल्होत्रा ने लिखा- 'बचपन से ही मुझे सिनेमा से प्यार रहा है। कहानियों का जादू, बड़े पर्दे की चमक, और वो फीलिंग्स जो क्रेडिट रोल के बाद भी आपके जहन में बस जाती हैं। उस प्यार ने मुझे हौंसला दिया है। आज ये मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी की बात है कि मैं एक और सपना पूरा होते देख रहा हूं। इस नवम्बर, एक प्रोड्यूसर के तौर पर मेरी पहली फिल्म 'गुस्ताख इश्क'... कुछ पागल जैसा... थिएटर्स में दस्तक देगी। एक फिल्म जो जुनून, कविता और हर रूप में प्यार के जश्न मनाएगी।
'गुस्ताख इश्क' की शूटिंग 9 जनवरी 2025 में शुरू हुई थी। अब इसे नवंबर 2025 में थिएटर्स में रिलीज किया जाने वाला है। मनीष मल्होत्रा ने अपने पोस्ट के आखिर में बताया कि वो इस सोमवार (25 अगस्त को) फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट फैंस के साथ शेयर करने जा रहे हैं।
'गुस्ताख इश्क' को विभु पुरी ने निर्देशित किया है, जो अपनी फिल्म 'हवाईजादा' के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में विजय वर्मा और फातिमा सना शेख लीड रोल में हैं। इस फिल्म में बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह और शारिब हाशमी भी दिखेंगे। 'गुस्ताख इश्क' के म्यूजिक के लिए गुलजार और विशाल भारद्वाज ने फिर अपना मैजिक दिखाया हैं। ये दोनों मिलकर पहले भी कई यादगार गाने बना चुके हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।