निर्देशक आदित्यधर और सुपरस्टार रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज रिलीज होते ही चर्चा का केंद्र बन गई है। इस स्पाई-थ्रिलर का असर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसका क्रेज साफ दिखाई दे रहा है। फिल्म ने सिनेमाघरों में आते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया और अपनी दमदार कहानी व शानदार प्रेजेंटेशन के चलते हर तरफ छा गई।
सोशल मीडिया से लेकर बॉक्स ऑफिस तक, हर जगह ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि फिल्म को हर वर्ग के दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिससे इसका बज और भी मजबूत होता जा रहा है।
5 दिनों में ताबड़तोड़ कमाई, 800 करोड़ क्लब के करीब
फिल्म ने पहले ही दिन 240 करोड़ की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग ली थी। अब महज 5 दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर 761 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यानी 800 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए फिल्म को सिर्फ 39 करोड़ की जरूरत है, जो जल्द ही पूरी होती नजर आ रही है।
विदेशों में भी गूंजा ‘धुरंधर’ का जलवा
ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म की पकड़ जबरदस्त बनी हुई है। यहां ‘धुरंधर: द रिवेंज’ करीब 211 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है। वहीं भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 519.12 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन लगभग 550 करोड़ तक पहुंच चुका है।
साउथ मार्केट में धीरे-धीरे बढ़ी रफ्तार
शुरुआत में साउथ में फिल्म की चाल थोड़ी धीमी रही, लेकिन अब यह मजबूती से पकड़ बना रही है। तेलुगु में पांचवें दिन 3.50 करोड़ और तमिल में 1.20 करोड़ की कमाई दर्ज की गई। वहीं मलयालम और कन्नड़ में भी फिल्म ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
दिग्गज सितारों ने भी बांधे तारीफों के पुल
फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारे भी इसकी तारीफ कर रहे हैं। साउथ सुपरस्टार रजनीकांत ने इसे ‘बॉक्स ऑफिस का बाप’ तक बता दिया। इसके अलावा नागार्जुंन, आलिया भट्ट और काजल अग्रवाल ने भी फिल्म की जमकर सराहना की है।
कुल मिलाकर, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ न सिर्फ कमाई के मामले में रिकॉर्ड तोड़ रही है, बल्कि दर्शकों और सितारों दोनों का दिल जीतकर 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में अपनी जगह मजबूत कर रही है।