Diljit Dosanjh: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर को होने वाला दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। दिल्ली पुलिस ने अपने पिछले फैसले पर पुनर्विचार किया और इवेंट आयोजक 'बुकमायशो लाइव' (BookMyShow Live) के साथ बातचीत के बाद कॉन्सर्ट की अनुमति दे दी।
इससे पहले त्योहारों के मौसम में सुरक्षा चिंताओं और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इस घटनाक्रम के तुरंत बाद दिलजीत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर चल रही चर्चाओं पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। अपने चुलबुले अंदाज में सिंगर ने प्रशंसकों से अपील की कि वे अटकलों और ऑनलाइन बहसों को पीछे छोड़ दें और 30 अक्टूबर को शो में उनसे आकर मिलें।
दिलजीत दोसांझ ने मजाकिया अंदाज में तंज कसा
इंस्टाग्राम वीडियो में दिलजीत दोसांझ ने अपने दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर चल रही अटकलों और टेलीविजन पर हो रही बहसों पर मजाकिया अंदाज में तंज कसा। उन्होंने आश्चर्य जताया कि क्या प्रशंसकों को यह आश्वासन देने से पहले कि वह उन्हें 30 अक्टूबर को राजधानी में देखेंगे, चर्चाएं आखिरकार समाप्त हो गई हैं।
उन्होंने कहा- "मैं बोल रहा था कि रील बन गई, ट्वीट बन गए, हो गई आपके न्यूज रूम की बहस। अब मिलते हैं 30 तारीख को दिल्ली में। पहले समाचार पता कर लिया करो कच्चा धुआं मारे जा रहे हो। कच्चा धुआं मरने से अच्छा है पहली बात पता कर लिया करें।
उन्होंने बिना पूरी जानकारी लिए बहस में कूद पड़ने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लोग तथ्यों को समझने के बजाय विवाद पर अपनी राय देने में ज्यादा जल्दीबाजी दिखाते हैं। सिंगर ने आगे कहा- "बस बिना सोचे-समझे बहस पर बहस हो रही है, एक के बाद एक ट्वीट किए जा रहे हैं। आज का दिन बहुत अच्छा है। इसलिए सोचा कि लाइव आ जाऊं। मुझे बहुत सी बातें भी करनी थीं। रील्स बन रही थीं, ट्वीट्स हो रहे थे और न्यूजरूम में बहसें चल रही थीं।"
दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में 30 अक्टूबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके पीछे उन्होंने सुरक्षा से जुड़े खतरों, त्योहारों के मौसम में सुरक्षा की जिम्मेदारियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया था। हालांकि बाद में आयोजक 'बुकमायशो लाइव' (BookMyShow Live) के सभी शर्तों को मानने के लिए तैयार होने पर अधिकारियों ने इस कार्यक्रम को मंजूरी दे दी। इन शर्तों में निजी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) जैसी जरूरतें शामिल थीं।
इस बीच दिल्ली कॉन्सर्ट के बाद दिलजीत दोसांझ का 'ऑरा इंडिया टूर' (Aura India Tour) 15 नवंबर को इंदौर पहुंचेगा। इसके बाद यह 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ जाएगा। चंडीगढ़ में भी एक शो की घोषणा की गई है, लेकिन इसकी तारीख और अन्य विवरण अभी सामने आने बाकी हैं।