Diljit Dosanjh: दिलजीत दोसांझ अब अहमदाबाद आ रहे हैं। अपने 'ऑरा वर्ल्ड टूर' के तहत पंजाबी सिंगर-एक्टर ने शनिवार 12 सितंबर को लंदन के मशहूर वेम्बली स्टेडियम में एक जबरदस्त कॉन्सर्ट से दर्शकों का मनोरंजन किया। शो के दौरान दिलजीत ने एक चौंकाने वाला ऐलान किया, जिससे उनके फैन्स बहुत खुश हुए। उन्होंने बताया कि वह अगली बार अहमदाबाद में परफॉर्म करेंगे।
दिलजीत ने भारत के सबसे बड़े स्टेडियम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बारे में बात की। उन्होंने वहां कोल्डप्ले (Coldplay) के सफल कॉन्सर्ट को भी याद किया। दिलजीत ने कहा, "सबसे बड़ा स्टेडियम भारत में है - नरेंद्र मोदी स्टेडियम। एक गोरे ग्रुप (कोल्डप्ले) ने वहां सारे टिकट बेच दिए थे। शो हाउसफुल रहा था। उनके लिए सम्मान है, बहुत-बहुत बधाई। भारत में स्टेडियम हो और वहां कोई पंजाबी न हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता।"
इस बीच दिलजीत दोसांझ ने शनिवार को लंदन के वेम्बली स्टेडियम में इतिहास रच दिया। वह इस मशहूर वेन्यू पर हेडलाइन करने वाले पहले पंजाबी सिंगर बन गए। "पंजाबी आ गए वेम्बली ओये!" के साथ अपने शो की शुरुआत करते हुए, दिलजीत ने खचाखच भरे स्टेडियम में मौजूद लोगों से कहा कि यह पल "इतिहास की किताबों में दर्ज हो जाएगा।" दो घंटे से ज़्यादा चले इस कॉन्सर्ट में उन्होंने G.O.A.T., Lover, Hass Hass और Born to Shine जैसे हिट गाने गाए।
90,000 लोगों की क्षमता वाले इस वेन्यू में अलग-अलग बैकग्राउंड के फैन्स एक साथ गाते और नाचते दिखे। दिलजीत ने दर्शकों से बातचीत करते हुए कुछ फैन्स को, जिनमें बच्चे और एक बुज़ुर्ग महिला भी शामिल थीं, स्टेज पर भी बुलाया। कॉन्सर्ट का एंड 'मैं हूं पंजाबी' गाने और आतिशबाजी के साथ हुआ।