Don 3 Controversy: FWICE ने फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से रणवीर सिंह के अचानक बाहर निकलने के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने बैन का आदेश जारी करते हुए आरोप लगाया है कि 'धुरंधर' अभिनेता ने तीन बार बुलाने के बावजूद व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न होकर इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया है।
25 मई को मुख्य सलाहकार अशोक पंडित, अध्यक्ष बीरेंद्र नाथ तिवारी और माननीय महासचिव अशोक दुबे ने FWICE के इस फैसले के संबंध में मीडिया को संबोधित किया और दावा किया कि रणवीर ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से लगभग तीन सप्ताह पहले ही फिल्म छोड़ दी थी। अशोक पंडित ने यह भी पुष्टि करते हुए बताया कि फरहान के प्रोडक्शन हाउस, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर से 45 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।
अशोक पंडित ने बताया कि फरहान अख्तर ने आईएफटीडीए में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि रणवीर सिंह शूटिंग शुरू होने से लगभग तीन सप्ताह पहले फिल्म से बाहर हो गए थे। “फरहान लंदन में थे, इसलिए वे ज़ूम के माध्यम से जुड़े, जबकि रितेश सिधवानी आईएफटीडीए कार्यालय गए। अगले दो घंटों में उन्होंने हमें समस्या और हमारे पास आने का कारण समझाया। फिर, नियम के अनुसार, हमने दूसरे पक्ष से संपर्क किया। हर 10 दिन में, हमने रणवीर सिंह को तीन बार बुलाया कि वे हमसे मिलें और अपना पक्ष भी रखें। हालांकि, हमें उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। जब हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस का ऐलान किया गया, तो हमें एक ईमेल मिला जिसमें कहा गया था कि हमारा फेडरेशन इस पूरे मामले के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। इसमें लिखा था, 'आपके संगठन को इस मामले में शामिल होने का कोई कारण नहीं है।।
बीरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि फिल्म परियोजनाओं में अचानक होने वाली रुकावटें निर्माण कार्य से जुड़े हजारों श्रमिकों की रोजीरोटी को प्रभावित करती हैं। उन्होंने बताया कि एफडब्ल्यूआईसीई श्रमिकों और निर्माताओं दोनों की सुरक्षा के लिए काम करता है। तिवारी ने कहा कि हमारा मानना है कि इंडस्ट्री जगत को यह मैसेज जाना चाहिए कि कोई सुपरस्टार नियम से बड़ा नहीं है।
इसलिए, हमने आज से रणवीर के खिलाफ बैन का निर्देश जारी किया है। हम सभी कामगारों और संगठनों को सूचित करना चाहते हैं कि जब तक विवाद का समाधान नहीं हो जाता और रणवीर सिंह हमसे मुलाकात नहीं करते, तब तक यह निर्देश लागू रहेगा। चूंकि यह एक निर्माता के अधिकारों का मामला है, इसलिए मैं निर्माता संगठनों से भी अपना समर्थन देने का अनुरोध करता हूं,”।
अशोक दुबे ने बताया कि एफडब्ल्यूआईसीई के सदस्यों, जिनमें निर्देशक, तकनीशियन और कैमरामैन, स्पॉटबॉय और लाइटमैन जैसे क्रू सदस्य शामिल हैं, को अभिनेता के साथ काम न करने के निर्देश दिए गए हैं। अशोक पंडित ने आगे बताया कि फरहान अख्तर ने लगभग 45 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है, जो उनके अनुसार दस्तावेजीकृत और ऑडिट किए गए प्री-प्रोडक्शन खर्चों के बराबर है।
उन्होंने कहा, “फरहान 45 करोड़ रुपये चाहते हैं। इस राशि का हिसाब-किताब हो चुका है और ऑडिट भी हो चुका है। हमने उनसे कहा है, ‘यह वह राशि है जो हमने खर्च की है। आप इसकी जांच करें, और अगर आपको राशि में कुछ गड़बड़ लगे, तो हम उसे स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। फरहान, रितेश, रणवीर जी और हम सभी एक साथ बैठकर सकारात्मक निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए तैयार हैं।”
वहीं रणवीर सिंह की तरफ से भी एक बयान जारी किया गया है। बैन के बाद रणवीर सिंह के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया, “रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और डॉन फ्रैंचाइज़ से जुड़े सभी लोगों के प्रति गहरा सम्मान रखते हैं। डॉन 3 से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के दौरान, उन्होंने जानबूझकर चुप्पी साधे रखी, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ ही संभालना चाहिए।
समय के साथ कई तरह की बातें और अटकलें सामने आईं, लेकिन रणवीर ने कभी भी सार्वजनिक रूप से जवाब देना या अटकलों को हवा देना जरूरी नहीं समझा। उनका पूरा ध्यान अपने काम और आने वाली परियोजनाओं पर केंद्रित है। वे इस फ्रैंचाइज़ से जुड़े सभी लोगों के प्रति गहरा सम्मान और सद्भावना रखते हैं और इसकी निरंतर सफलता की कामना करते हैं। ऐसे समय में संयम और शालीनता बनाए रखना हमेशा से उनका सचेत निर्णय रहा है, और वे आगे भी इसी रुख को कायम रखेंगे।”