Heer Ranjha: 'लैला मजनू' के बाद अब ‘हीर रांझा’ इश्क का चढ़ाएंगे बुखार, एकता कपूर-इम्तियाज अली की जोड़ी फिर आई साथ

Heer Ranjha: साजिद अली द्वारा निर्देशित होने वाली फिल्म हीर रांझा, पिछली फिल्म लैला मजनू फ्रेंचाइज़ का दूसरा चैप्टर होने वाला है। इस फिल्म के साथ एकता कपूर-इम्तियाज अली जोड़ी फिर धमाकेदार कमबैक के लिए तैयार है।

अपडेटेड Feb 15, 2026 पर 9:24 AM
Story continues below Advertisement
'लैला मजनू' के बाद अब ‘हीर रांझा’ इश्क का चढ़ाएंगे बुखार

Heer Ranjha: इम्तियाज़ अली और एकता कपूर एक बार फिर साथ आ रहे है। 'लैला मजनू' जैसी कल्ट फिल्म के बाद ये दोनों दिग्गज फिर से अपनी क्रिएटिविटी का जादू बिखेरने को तैयार हैं। 'हीर रांझा' असल में 'लैला मजनू' फ्रेंचाइजी का दूसरा हिस्सा है, जो मोहब्बत की इस पुरानी कहानी को आज के दर्शकों के साथ एक नए और गहरे अंदाज़ में जोड़ेगी।

पुरानी क्लासिक लव स्टोरी होने के बावजूद, 'हीर रांझा' को आज के दौर के हिसाब से ढालकर पेश किया जाएगा। यह फिल्म नई पीढ़ी के लिए प्यार के मायने फिर से लिखेगी और एक ऐसी जादुई दुनिया बनाएगी जिसमें दर्शक पूरी तरह खो जाएंगे। जैसे ही फिल्म के नाम का खुलासा हुआ, 'लैला मजनू' फ्रेंचाइजी के फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है। 'हीर रांझा' की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है और इस फिल्म का डायरेक्शन साजिद अली करेंगे।

इस अनाउंसमेंट पर बात करते हुए एकता कपूर ने कहा, "इम्तियाज़ और साजिद के पास प्यार को पूरी ईमानदारी और गहराई के साथ दिखाने का एक खास हुनर है। 'लैला मजनू' को भले ही अपना मुकाम बनाने में थोड़ा वक्त लगा, लेकिन आज वह एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है! 'हीर रांझा' एक ऐसी प्रेम कहानी है जो वक्त और जज्बातों की सीमाओं को पार करने का दम रखती है। हमें उम्मीद है कि अपनी कहानी कहने के अंदाज़ से हम भारत और पूरी दुनिया के दर्शकों के दिलों को छू पाएंगे।"


प्रेजेंटर इम्तियाज अली ने इस बारे में बात करते हुए कहा, "हीर रांझा की अपनी एक अलग ही दुनिया और लय है—यह आज की जनरेशन के प्यार की भाषा बोलती है, फिर भी इसमें कुछ ऐसा है जो हमेशा बना रहने वाला है। एकता के साथ दोबारा काम करना एक पुराने भावनात्मक रिश्ते को आगे बढ़ाने जैसा महसूस होता है।"

इम्तियाज अली की इस पेशकश का डायरेक्शन साजिद अली कर रहे हैं और इसे शोभा कपूर, एकता कपूर और प्रीति अली (Pi – Films Pvt Ltd) प्रोड्यूस कर रहे हैं। 'हीर रांझा' एक मशहूर रोमांटिक फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ा रही है, जिससे वैलेंटाइन डे पर हुआ यह ऐलान सदाबहार प्रेम कहानियों के फैंस के लिए बेहद खास बन गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।