Ghooskhore Pandit Controversy: मनोज बाजपेयी स्टारर आने वाली फिल्म 'घूसखोर पंडित' के निर्माता नीरज पांडे ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन करते हुए फिल्म का शीर्षक, साथ ही जारी किए गए ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री हटा लिया है। आज सुप्रीम कोर्ट में दायर अपने हलफनामे में पांडे ने यह भी कहा है कि हालांकि फिल्म का नया टाइटल अभी तक तय नहीं हुआ है, लेकिन यह पहले वाले टाइटल से मिलता-जुलता नहीं होगा।
पांडे द्वारा दायर हलफनामे में लिखा है, “मैं विनम्रतापूर्वक निवेदन करता हूं कि टाइटल, “घूसखोर पंडित”, को स्पष्ट रूप से वापस लिया जाता है और इसका किसी भी रूप में उपयोग नहीं किया जाएगा। वहीं नए टाइटल को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है, मैं यह वादा करता हूं कि भविष्य में जो भी टाइटल चुना और अपनाया जाएगा, वह उस इससे मिलता-जुलता नहीं होगा, जिस पर आपत्तियां उठाई गई थीं।
पांडे ने आगे कहा कि फिल्म की कहानी और उद्देश्य को सटीक रूप से प्रतिबिंबित करेगा, जिससे किसी भी प्रकार की अनपेक्षित व्याख्या न हो। मैं यह भी कहता हूं कि पहले के टाइटल के अंतर्गत सभी प्रचार सामग्री, पोस्टर, ट्रेलर और प्रचार सामग्री वर्तमान याचिका की सुनवाई से पहले ही वापस ले ली गई हैं।
इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म निर्माताओं को फिल्म का शीर्षक बदलने का निर्देश दिया था, इसे एक विशेष समुदाय के लिए अपमानजनक बताते हुए। इसने निर्माताओं को आगामी फिल्म में किसी भी समुदाय के लिए अपमानजनक या आपत्तिजनक सामग्री को हटाने का भी आदेश दिया था।
बता दें कि मनोज बाजपेई स्टारर फिल्म घूसखोर पंडित के टाइटल के लेकर ब्राह्मण समाज नाराज हो गया था। सभी ने बॉलीवुड पर एक समुदाय को टारगेट करने और पंडित जैसे पूज्यनीय शब्द का अपमान करने का आरोप मेकर्स पर लगाया था। विवाद इतना गहरा गया था कि मध्य प्रदेश के संगठनों से लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस पर एक्शन ले लिया था।