Govinda: करण जौहर पर भड़के गोविंदा, विक्की कौशल स्टारर इस फिल्म पर कसा तंज

Govinda: गोविंदा नाम मेरा में विक्की कौशल, कियारा आडवाणी और भूमि पेडनेकर ने अभिनय किया था। फिल्म का निर्माण करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा किया गया था। अब इसे लेकर एक्टर गोविंदा ने बड़ी बात कह दी है।

अपडेटेड Feb 10, 2026 पर 3:59 PM
Story continues below Advertisement
इस कॉमेडी फिल्म को बनाने पर करण जौहर पर भड़के गोविंदा

Govinda: अपनी निजी लाइफ को लेकर खबरों में छाए गोविंदा एक बार फिर से गुस्से में नजर आए। गोविंदा ने अपने नाम पर फिल्म बनाने के लिए फिल्म निर्माता करण जौहर की आलोचना की है। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म निर्माता करण जौहर द्वारा बनाई गई फिल्म 'गोविंदा नाम मेरा' में अपने निजी जीवन के पहलुओं को दर्शाने पर उन्होंने निराशा जताई।

गोविंदा ने कहा, "किसी ने मेरे नाम से पिक्चर बना दी.. शायद गोविंदा मेरा नाम... मुझे नहीं पता... मुझे लगता है करण जौहर की थी। शशांक खैतान द्वारा निर्देशित, गोविंदा नाम मेरा एक कॉमेडी थ्रिलर है, जिसमें विक्की कौशल, कियारा आडवाणी और भूमि पेडनेकर ने अभिनय किया है। विक्की ने फिल्म में गोविंद ए वाघमारे का किरदार निभाया है, जो एक स्ट्रगलर कोरियोग्राफर है और अपनी पत्नी गौरी (भूमि पेडनेकर) और अपनी डांसर प्रेमिका सुकु (कियारा आडवाणी) के प्यार के बीच फंसा हुआ है। यह फिल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी।

अभिनेता ने बताया कि पति-पत्नी और प्रेमिका के इर्द-गिर्द बुनी गई यह फिल्म पति-पत्नी के बीच के संघर्षों और व्यक्तिगत रिश्तों में गलतफहमियों को दिखाती है।उन्होंने आगे कहा कि फिल्मों में कॉमेडी की सराहना करते हुए भी, व्यक्तिगत संबंधों को दिखाते सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखना जरूरी होता है। अपनी निजी जिंदगी में दखल न देने की अपील करते हुए गोविंदा ने कहा, “कृपया दुर्व्यवहार न करें। मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं। हर जगह पर हर तरह से अच्छा नहीं लगता है।


फिलहाल करण जौहर ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और न ही इस मामले पर कोई कमेंट किया है। गोविंदा और सुनीता ने 1987 में शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं - टीना आहूजा और यशवर्धन आहूजा। 2024 में, गोविंदा को उनकी रिवॉल्वर से पैर में गोली लग गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ महीनों बाद, अफवाहें फैलने लगीं कि गोविंदा और सुनीता तलाक लेने वाले हैं। दोनों ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया और सुनीता ने कहा कि कोई भी उन्हें अलग नहीं कर सकता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।