फिल्म- गनमास्टर G9

फिल्म- गनमास्टर G9
निर्देशक- आदित्य दत्त
कलाकार- इमरान हाशमी, जेनेलिया डिसूजा, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक सिंह
रेटिंग- 3.5/5
Gunmaster G9 Review: इमरान हाशमी ने हाल में ही आवारापन 2 फिल्म ब्लॉकबस्टर दी है। वहीं वह एक बार फिर से 'गनमास्टर G9' के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए एंट्री कर चुके हैं। फिल्म में इमरान एक्शन और रोमांस दोनों करते नजर आ रहे हैं। वहीं हिमेश रेशमिया का म्यूजिक आपकी पुरानी यादों को ताजा कर देता है। कैसी है फिल्म चलिए जानते हैं।
फिल्म की कहानी
अपराध की दुनिया छोड़कर आम जिंदगी में लौटना जितना मुश्किल होता है, उससे कहीं ज्यादा मुश्किल है उस अतीत से पूरी तरह पीछा छुड़ाना। निर्देशक आदित्य दत्त की 'गनमास्टर G9' एक मसालेदार एक्शन ड्रामा है। फिल्म का नायक अपनी जिंदगी को नए सिरे से संवारना चाहता है, लेकिन हालात उसे फिर उसी दुनिया के सामने खड़ा कर देते हैं, जिससे वह दूर जा चुका है। इस स्ट्रगल में गोलियों की आवाज, रिश्तों की उलझन, रोमांस और बदले की भावना सब कुछ शामिल है। इमरान हाशमी की स्टार अपील, अपारशक्ति खुराना का अनोखा अंदाज और हिमेश रेशमिया का म्यूजिक फिल्म को एक दिलचस्प कमर्शियल रंग देते हैं।
कहानी ईश्वर (इमरान हाशमी) के ईर्द गिर्द बुनी है, जिसने अपराध की दुनिया में अपनी पहचान बनाई थी। लेकिन अब वह उस रास्ते को छोड़कर सुकून भरी जिंदगी चाहता है। आरती (जेनेलिया डिसूजा) के साथ उसका रिश्ता इस बदलाव की सबसे अहम वजह है। मगर किस्मत उसे एक बार फिर पुराने रास्ते पर ले आती है। पुलिस के लिए मुखबिर बनने की जिम्मेदारी उसके सामने नई मुश्किलें खड़ी करती है। अपराधियों के बीच रहते हुए उसे कानून की मदद करनी है और साथ ही अपनी निजी जिंदगी को भी सुरक्षित रखना है। यही दोहरी चुनौती कहानी में तनाव पैदा करती है।
फिल्म का निर्देशन
आदित्य दत्त फिल्म को एक सीधे-सादे अपराध ड्रामे की तरह नहीं बल्कि कई परतों वाली कमर्शियल कहानी के रूप में आगे बढ़ाते हैं। यहां हीरो का संघर्ष सिर्फ बाहरी दुश्मनों से नहीं बल्कि अपने पुराने फैसलों और वर्तमान जिम्मेदारियों से भी है। आरती की लाइफ से जुड़े रहस्य और देसू की मौजूदगी कहानी में अतिरिक्त टकराव पैदा करते हैं। निर्देशक इन सभी पहलुओं को एक साथ रखकर एक ऐसी दुनिया रचते हैं, जहां निजी रिश्ते और अपराध की दुनिया लगातार एक-दूसरे से टकराते हैं।
कलाकारों का काम
ईश्वर की भूमिका इमरान हाशमी के लिए अपनी पॉपुलर स्क्रीन इमेज को वापस लाती है। वह एक तरफ प्यार और परिवार के लिए सॉफ्ट नजर आते हैं, तो दूसरी ओर जरूरत पड़ने पर खतरों का सामना करने से पीछे नहीं हटते। उनके अंदाज में एक कॉन्फिडेंस है, जो किरदार को प्रभावशाली बनाता है। एक्शन सीन्स में उनकी मौजूदगी और बॉडी लैंग्वेज आकर्षित करती है। वहीं इमोशनल हिस्सों में वह किरदार की बेचैनी को सामने लाते हैं। इमरान का यह अंदाज उनके प्रशंसकों को पसंद आ सकता है।
फिल्म का एक बड़ा आकर्षण अपारशक्ति खुराना हैं। देसू के किरदार में वह अपने सामान्य चुलबुले और सहज अंदाज से काफी अलग दिखाई देते हैं। उनका चरित्र खतरनाक है, उसका व्यवहार डराने वाला है और उसके फैसलों में बेरहमी झलकती है। अपारशक्ति इस बदलाव को पूरे आत्मविश्वास के साथ निभाते हैं। आरती के किरदार में जेनेलिया डिसूजा फिल्म के इमोशनल पक्ष को मजबूती देती हैं। उनकी सहज अदायगी और स्वाभाविक स्क्रीन प्रेजेंस किरदार को विश्वसनीय बनाती है। इमरान के साथ उनकी जोड़ी कहानी में रोमांस का रंग जोड़ती है। अभिषेक सिंह राणा की भूमिका में नजर आते हैं, जबकि अवनीत कौर, इनायत वर्मा, स्नेहिल दीक्षित मेहरा, शाद रंधावा और मनीष चौधरी भी अहम किरदारों में शामिल हैं।
स्क्रीनप्ले
फिल्म की कहानी को फ्लैशबैक और वर्तमान घटनाओं के जरिए आगे बढ़ाया गया है। यह जॉनर किरदारों के फैसलों और उनके पीछे छिपी वजहों को समझने में मदद करती है। ईश्वर की पुरानी जिंदगी के कुछ हिस्से जैसे-जैसे सामने आते हैं, वर्तमान में उसकी मुश्किलों की वजह भी स्पष्ट हो जाती है। इस तरह कहानी में रहस्य और उत्सुकता बनाए रखने की कोशिश की गई है। अतीत और वर्तमान का यह मेल फिल्म में मसालेदार तड़का लगाता है।
हिमेश रेशमिया का म्यूजिक
इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की जोड़ी का जिक्र आते ही दर्शकों को उनकी पुरानी फिल्मों के गाने याद आ जाते हैं। 'गनमास्टर G9' में यह पुराना म्यूजिक कनेक्शन एक बार फिर सामने आता है। हिमेश का म्यूजिक फिल्म के रोमांटिक मूड और कमर्शियल ट्रीटमेंट के अनुकूल है। एक्शन और तनाव से भरे सीन्स के बीच गाने कहानी को अलग रंग देते हैं। उनकी धुनों में मेलोडी का वह परिचित स्पर्श है, जो इस जोड़ी की पुरानी पॉपुलैरटी की याद दिलाता है।
'आशिक बनाया आपने' वाली तिकड़ी का नया अंदाज
आदित्य दत्त, इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया का दोबारा साथ आना फिल्म की चर्चा को एक पुराना संदर्भ भी देता है। करीब दो दशक पहले 'आशिक बनाया आपने' के जरिए इस तिकड़ी ने रोमांस और संगीत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई थी। अब तीनों एक अलग जॉनर में साथ आए हैं। इस बार प्रेम कहानी के बजाय अपराध, एक्शन और पारिवारिक रिश्ते कहानी का आधार हैं। पुराने सहयोग की यादों के साथ यह नया प्रयोग फिल्म को अतिरिक्त दिलचस्पी देता है।
फिल्म देखें या नहीं
'गनमास्टर G9' की सबसे बड़ी ताकत इसका कलाकार हैं, जो पुराने दिन याद कराते हैं। कुल मिलाकर फिल्म में एक्शन पसंद करने वाले दर्शकों के लिए रोमांच है, इमरान के प्रशंसकों के लिए उनका जाना-पहचाना स्वैग है और अपारशक्ति के लिए एक अलग तरह की भूमिका देखने का मौका है। रोमांस, म्यूजिक और पारिवारिक इमोशन के साथ यह फिल्म एक मसालेदार मनोरंजन का अनुभव देने की कोशिश करती है। वीकेंड फिल्म का लुफ्त उठाने के लिए बिल्कुल परफेक्ट है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।