राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित युद्ध ड्रामा फिल्म ‘इक्कीस’ की विशेष स्क्रीनिंग उस समय खास बन गई, जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इसमें शामिल हुए। इस मौके पर न सिर्फ सिनेमा और सशस्त्र बलों का संगम देखने को मिला, बल्कि देशभक्ति की भावना भी पूरे माहौल में साफ झलकती रही। राजनाथ सिंह ने फिल्म के मुख्य कलाकार अगस्त्य नंदा और जयदीप अहलावत से मुलाकात कर फिल्म से जुड़े अनुभवों पर बातचीत की और कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। ये कार्यक्रम केवल एक फिल्म स्क्रीनिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और गौरव को याद करने का अवसर भी बना। फिल्म ‘इक्कीस’ देश के उन जांबाज सैनिकों की कहानी को पर्दे पर उतारती है, जिनकी बहादुरी आज भी प्रेरणा देती है।
