Imran Khan: बॉलीवुड एक्टर इमरान खान, जिन्होंने हाल ही में आमिर खान प्रोडक्शन्स की फिल्म 'हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस' में एक कैमियो भूमिका के साथ बड़े पर्दे पर वापसी की है, ने फिल्म इंडस्ट्री में सितारों की बढ़ती फीस को लेकर एक बहस छेड़ दी है। ईटाइम्स को दिए एक हालिया इंटरव्यू में, इमरान ने खुलकर बताया कि कैसे कुछ अभिनेता इस व्यवस्था का दुरुपयोग करते हैं, और उनका तर्क है कि बढ़ती फीस अक्सर बजट को बढ़ा देती है और फिल्म की चलने और न चलने पर गंभीर रूप से प्रभाव डालती है।
इमरान ने बताया कि वे एक्टर की मार्केटिंग वैल्यू और बॉक्स ऑफिस पर उनकी पॉपुलैरटी के आधार पर कास्टिंग के फैसलों को समझते हैं, खासकर बड़े बजट की फिल्मों में। हालांकि, उन्हें लगता है कि कुछ सितारे अब इस चीज का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके मामा आमिर खान ने उन्हें सिखाया है और उन्होंने अपने से पहले की पीढ़ियों में भी देखा है कि एक्टर अपनी फिल्मों में पूरी तरह से समर्पित होते थे, प्रोजेक्ट की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते थे।
इमरान ने मौजूदा व्यवस्था की आलोचना करते हुए आगे कहा, “अगर मुझे लगता है कि मेरी फिल्म बनाने में 30 करोड़ रुपये लगेंगे, तो यह आपकी निर्माण लागत है। मैं कहता हूं कि मैं 40 करोड़ रुपये लूंगा, तो अब आपकी फिल्म की लागत 70 करोड़ रुपये हो जाती है, जिसमें से 30 करोड़ रुपये फिल्म की वास्तविक लागत है और 40 करोड़ रुपये मेरी निजी तनख्वाह है।
एक्टर ने कहा कि अब हमारे मुनाफे का रास्ता क्या है? और क्या मुझे इसकी परवाह है? मुझे इसकी परवाह होनी चाहिए। यह मेरी फिल्म है। मेरा मानना है कि अगर फिल्म के अच्छा प्रदर्शन करने की संभावना है, तो आपको कम फीस लेनी चाहिए। रिस्क लें। जुआ खेलें और शर्त लगाएं कि फिल्म अच्छा करेगी। अगर कोई ऐसा कर सकता है, तो वह स्टार ही है—खासकर तब जब आप 40 करोड़ रुपये की फीस मांग रहे हों।”
उन्होंने खुलासा किया कि आमिर का हर फिल्म के लिए यही नज़रिया रहा है और आगे कहा, “उनका यही तरीका हमेशा से रहा है। उन्होंने कभी भी अपनी फीस के बराबर रकम एडवांस में नहीं ली है। वो इसे बाद में लेते हैं। वो कभी नहीं कहेंगे, ‘मुझे 60 करोड़ रुपये फीस के तौर पर दो’ या ‘मुझे 75 करोड़ रुपये फीस के तौर पर दो’। ये बेवकूफी है। इससे आप अपनी ही फिल्म को नुकसान पहुंचा रहे हैं। आप अपनी फिल्म का शोषण कर रहे हैं और उसकी कीमत पर खुद को अमीर बना रहे हैं। असल में, इसका मतलब यही है कि आपको फिल्म पर भरोसा या विश्वास नहीं है।”
इमरान खान आगामी फिल्म में भूमि पेडनेकर के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जिसका नाम अभी तय नहीं हुआ है। इस फिल्म का निर्देशन 'ब्रेक के बाद' के निर्देशक दानिश असलम कर रहे हैं और इमरान खान इसके सह-निर्माता भी हैं।