Imtiaz Ali: हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित प्रेम कहानियों में से एक 'रॉकस्टार' के रिलीज़ होने के सालों बाद, निर्देशक इम्तियाज़ अली ने फिल्म के एंड के बारे में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है,जिसके बारे में कई फैंस को पता ही नहीं था। मुंबई में लक्ष्य माहेश्वरी द्वारा आयोजित एक हालिया फैन मीट-अप में, फिल्म निर्माता ने 'रॉकस्टार' के दुखद अंत के पीछे के क्रिएटिव निर्णयों के बारे में खुलकर बात की।
बातचीत के दौरान, इम्तियाज़ ने खुलासा किया कि फिल्म में नरगिस फाखरी द्वारा अभिनीत हीर की मौत, जब उन्होंने पहली बार कहानी लिखी थी, तब मूल स्क्रिप्ट का हिस्सा नहीं थी। इम्तियाज़ के अनुसार, फिल्म का शुरुआती वर्जन बिल्कुल अलग दिशा में था। हालांकि, एक बड़े झटके ने सब कुछ बदल दिया जब उनकी लिखी हुई स्क्रिप्ट गुम हो गई।
फिल्ममेकर ने बताया कि मैं चाहता था कि वह जीवित रहे। मैं 'रॉकस्टार' में बहुत कुछ अलग चाहता था। दरअसल, मैंने एक पूरा ड्राफ्ट लिखा था, लेकिन दुर्भाग्य से वह मुझसे खो गया और फिर सालों बाद जब मुझे 'रॉकस्टार' बनाने का मौका मिला, तो मैंने उसे खोजने की कोशिश की और वह मुझसे खो गया था। वह कंप्यूटर में नहीं था।
इम्तियाज़ ने बताया कि जब उन्होंने दोबारा फिल्म लिखना शुरू किया, तो कहानी स्वाभाविक रूप से एक अलग दिशा में विकसित हो गई। हीर के किरदार का दुखद मोड़ तब आया जब उन्होंने मशहूर पंजाबी प्रेम कहानी हीर रांझा से प्रेरणा लेना शुरू किया। उन्होंने बताया कि कैसे उस प्रेरणा ने फिल्म के अंत को आकार दिया।
उन्होंने कहा कि मैंने इसे दोबारा लिखा। इस बार जब मैं लिख रहा था, पता नहीं क्या हुआ। अंत में, हीर का अस्तित्व खत्म हो गया। मुझे लगता है कि ऐसा इसलिए भी हुआ क्योंकि मैं हीर रांझा से बहुत प्रभावित था। इसीलिए लड़की का नाम हीर था और उसकी मौत रांझा से पहले हो जाती है, इसलिए फिल्म जॉर्डन की मौत से पहले खत्म हो जाती है।”
फिल्म में रणबीर कपूर जॉर्डन का किरदार निभा रहे हैं, जो एक संगीतकार है, जिसका पागलपन वाला प्यार और दिल टूटना एक कलाकार के रूप में उसे बिल्ड करता है। कहानी बताती है कि कैसे व्यक्तिगत क्षति और भावनात्मक उथल-पुथल उसे एक फेमस लेकिन परेशान रॉक स्टार जन्म लेता है।