Karan Johar: फिल्म निर्माता करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर अपने जुड़वां बच्चों यश जौहर और रूही जौहर के साथ फोटोज शेयर की हैं। फिल्म सेट और रेड कार्पेट की चकाचौंध से दूर, इन तस्वीरों में निर्देशक, निर्माता नहीं बल्कि डैड करण जौहर अपने बच्चों के साथ क्वालटी टाइम बिताते और मस्ती करते दिख रहे हैं।
करण के बच्चे यश और रूही का जन्म 7 फरवरी 2017 को सरोगेसी से हुआ था। दोनों ने हाल में अपना सातवां जन्मदिन मनाया। तस्वीरों में, करण जौहर अपने बच्चों के साथ सिंपल स्टूडियो सेटिंग और कंफर्ट क्लोथ में पोज़ देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
कुछ तस्वीरों में, तीनों एक सोफे पर साथ बैठे हैं। अन्य तस्वीरों में बच्चे कुर्सियों पर चढ़कर अपने पिता को गले लगाते हैं, उनके गालों पर किस करते हैं। कुछ तस्वीर के बीच में ही खिलखिलाकर हंस पड़ते हैं। सोशल मीडिया पर लोगों को इनका ये अंदाज काफी पसंद आ रहा है।
तीनों के बीच का मजबूत रिश्ता सबसे अलग दिखता है। करण जौहर किसी सेलिब्रिटी की तरह नहीं बल्कि एक कूल डैड हैं, जो मुस्कुराते, हंसते और कभी-कभी यश और रूही के साथ मस्ती करते नजर आते हैं। इस पोस्ट पर दोस्तों और कोस्टार्स ने जमकर कमेंट किए हैं। करीना कपूर खान ने लिखा“सबसे अच्छे पिता और सबसे अच्छे बच्चे, आप तीनों को प्यार,” और कई अन्य लोगों ने उनके और उनके बच्चों के बीच के खूबसूरत बॉन्ड की प्रशंसा की।
पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट 'सर्विंग इट अप विद सानिया' में एक खुलकर बातचीत में, करण जौहर ने बताया कि कैसे बचपन में अपने वजन को लेकर हुई ट्रोलिंग का असर आज भी उनकी परवरिश पर पड़ता है। 53 साल की उम्र में, उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें अपने जुड़वा बच्चों के वजन बढ़ने को लेकर चिंता रहती है। उन्होंने कहा, “मैं आपको बताना चाहता हूं कि मेरे बचपन के ट्रॉमा से मेरा 50% हिस्सा इतना आहत है कि मुझे डर लगता है कि मेरे बच्चे मोटे न हो जाएं। मैं बचपन के ट्रॉमा को अपने साथ लिए फिरता हूं। मैं उनसे बार-बार कहता हूं, ‘चीनी मत खाओ’। लेकिन मेरा एक हिस्सा उन्हें इससे फ्री करना चाहता है।
अपने बचपन के दुखद पलों को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे याद है मुझसे कहा गया था, ‘डब्बा गुल खेलो क्योंकि फुटबॉल तुम्हारे लिए नहीं है।’ वो शब्द आज भी मेरे मन में हैं। अगर मेरे बच्चे स्कूल में बहुत सारी क्लासों के चलते फुटबॉल क्लास छोड़ देते हैं या क्लास बंक कर देते हैं तो मुझे गुस्सा आता है।
करण जौहर ने स्वीकार किया कि वो “दुविधा में फंसे हुए हैं,” सामाजिक दबावों और सोशल मीडिया के प्रभाव से जूझते हुए यश और रूही को प्यार, आजादी और खुशियों से भरा बचपन देने की कोशिश कर रहे हैं।