धनुष और नागार्जुन स्टारर Kuberaa की रिलीज का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। यह फिल्म अमेजन प्राइम ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शुक्रवार, 18 जुलाई को होगी। इस फिल्म को शेखर काम्मुला ने डायरेक्ट किया है। बताया जा रहा है कि अमेजन ने फिल्म के डिजिटल राइट्स थिएटर रिलीज से पहले ही बड़ी रकम देकर खरीद लिए थे। हालांकि इसकी पुष्टि मेकर्स या अमेजन ने नहीं की है।
'कुबेरा' के ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे ढेरों दर्शकों के लिए शुक्रवार का दिन खास होगा। यह फिल्म थिएटर में रिलीज होने के चार हफ्ते बाद, 18 जुलाई, 2025 से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। इस ऐलान से धनुष, नागार्जुन और रश्मिका मंदाना के फैंस बेहद खुश हैं। यह फिल्म तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी में उपलब्ध होगी। प्राइम वीडियो ने फिल्म का पोस्टर शेयर कर यह जानकारी दी। इसके कैप्शन में लिखा था, 'एक साधारण आदमी, और उसकी मुक्ति की इतनी आसान यात्रा नहीं #KuberaaOnPrime, 18 जुलाई।'
बताया जा रहा है, अमेजन प्राइम ने फिल्म की थिएटर रिलीज से पहले ही इसके मेकर्स के साथ डील साइन कर ली थी। फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक प्रोड्यूसर ने कहा था कि ओटीटी प्लेटफॉर्म फिल्म को 20 जून को ही रिलीज करना चाहता था। ऐसा न करने पर वे सहमत राशि से 10 करोड़ रुपये काट लेंगे। OTTPlay की रिपोर्ट के मुताबिक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने फिल्म के डिजिटल राइट्स 50 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। कुछ रिपोर्ट में 47 करोड़ रुपये के फाइनल अमाउंट की भी बात कही गई है। हालांकि, इसके बारे में मेकर्स या प्लेटफॉर्म में से किसी ने भी सही रकम का खुलासा नहीं किया है।
धनुष ने इस फिल्म में अपनी बेस्ट परफॉर्मेंस दी है। चाहे वो ओपनिंग सीन हो या गेस्ट हाउस का सीन हो, खुशबू सीक्वेंस हो या रश्मिका के साथ डायलॉग, वो हर जगह बेस्ट लगे हैं। नागार्जुन की सादगी भरी, मगर रियलिस्टिक एक्टिंग अव्वल है। फिल्म की फीमेल लीड रश्मिका को इसमें एक और यादगार रोल मिला है और उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है।
यह फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और वर्ल्डवाइड बॉक्सऑफिस पर इसने 130 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसमें सबसे ज्यादा योगदान फिल्म के तेलुगु वर्जन का है। भारत में इस फिल्म ने कुल 90 करोड़ की कमाई की है।