
Dhurandhar : सिनेमा घरों में धमाल मचाने वाले फिल्म घुरंधर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी स्पाई एक्शन थ्रिलर ‘धुरंधर’ रिलीज के बाद से रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म में कलाकारों ने भी अपने-अपने किरदारों में जान डाल दी है। वहीं ‘धुरंधर' को लेकर एक अहम प्रशासनिक फैसला सामने आया है. केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में फिल्म को टैक्स फ्री घोषित किया गया है।
टैक्स फ्री हुई फिल्म
कविंदर गुप्ता ने लद्दाख में बॉलीवुड फिल्म धुरंधर को टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है। यह फिल्म लद्दाख में बड़े पैमाने पर शूट की गई है और इसके जरिए वहां की खूबसूरत वादियों और नज़ारों को दिखाया गया है। इस फैसले को फिल्म निर्माताओं के लिए मजबूत समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। इससे लद्दाख को फिल्म शूटिंग और पर्यटन के लिए एक पसंदीदा जगह बनाने की कोशिश को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रशासन ने बताया है कि वह एक नई फिल्म पॉलिसी पर भी काम कर रहा है और आगे भी लद्दाख में फिल्म निर्माण को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
इसलिए लिया गया ये फैसला
अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की ओर से फिल्म निर्माताओं को दिए जा रहे समर्थन को दिखाता है। इसका मकसद लद्दाख को फिल्म प्रोडक्शन के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित करना है। टैक्स में छूट देने से सरकार को उम्मीद है कि ज्यादा फिल्म निर्माता यहां शूटिंग के लिए आएंगे, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस घोषणा को लद्दाख की उस बड़ी योजना का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत वह अपनी खास भौगोलिक बनावट और समृद्ध संस्कृति का उपयोग करके क्रिएटिव इकोनॉमी को मजबूत करना चाहता है। साथ ही, लद्दाख का उद्देश्य भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाना भी है।
नेशनल अवॉर्ड जीत चुके फिल्ममेकर आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर को जियो स्टूडियोज़ और B62 स्टूडियोज़ ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ अक्षय खन्ना, आर. माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े कलाकार भी शामिल हैं। धुरंधर एक बड़े स्तर की जासूसी थ्रिलर फिल्म है। इसकी कहानी असली घटनाओं से प्रेरित गुप्त खुफिया अभियानों पर आधारित है, जिसमें सीक्रेट ऑपरेशन्स और इंटेलिजेंस मिशनों को रोमांचक अंदाज़ में दिखाया गया है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।