Dhurandhar: फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर का कहना है कि 'धुरंधर' (रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म) को 'इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया' (IFFI) के 'इंडियन पैनोरमा' सेक्शन की शुरुआत के लिए चुनना एक सही फैसला था। उन्होंने इसे एक लोकप्रिय कमर्शियल ब्लॉकबस्टर बताया, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया है। समाचार एजेंसी PTI की ताजा जानकारी के अनुसार फेस्टिवल के 57वें संस्करण के पहले दिन मधुर ने पत्रकारों से कहा कि फिल्म की लोकप्रियता और दर्शकों से मिले रिस्पॉन्स को देखते हुए इसे चुनना बिल्कुल सही था।
फिल्म निर्माता और 'इंडियन पैनोरमा' सेक्शन की जूरी के अध्यक्ष ने बताया कि यह फैसला उन्होंने और जूरी के अन्य सदस्यों ने मिलकर लिया है। उन्होंने कहा- "जिस तरह से इसे शूट किया गया है, जिस तरह से इसे बनाया गया है और एक लोकप्रिय फिल्म होने के नाते यह एक बहुत बड़ी कमर्शियल ब्लॉकबस्टर फिल्म है। लोगों ने इसे बहुत पसंद किया है। इसके गाने भी लोगों को बहुत अच्छे लगे हैं और अभिनय के मामले में भी रणवीर सिंह और बाकी सभी कलाकारों ने बहुत बेहतरीन काम किया है।"
IFFI के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बात करते हुए भंडारकर ने बताया कि वे कई सालों से अलग-अलग भूमिकाओं में इस फेस्टिवल से जुड़े रहे हैं। वे इसकी स्टीयरिंग कमिटी के सदस्य और जूरी अध्यक्ष रहे हैं। साथ ही एक ऐसे फिल्म निर्माता भी रहे हैं जिनकी फिल्में यहां दिखाई गई हैं। उन्होंने याद करते हुए बताया कि उनकी फिल्में जैसे 'पेज 3', 'कॉर्पोरेट', 'चांदनी बार' और 'इंडिया लॉकडाउन' को इस फेस्टिवल में दिखाया जा चुका है।
'पैनोरमा' सेक्शन के बारे में
'इंडियन पैनोरमा' सेक्शन IFFI के प्रमुख सेक्शन में से एक है। इसमें भारतीय सिनेमा की बेहतरीन फिल्में शामिल होती हैं। यहां मुख्यधारा (mainstream) से हटकर बनी फिल्मों और क्षेत्रीय भाषाओं व संस्कृतियों की उन फिल्मों पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जो अक्सर मुख्यधारा की नजरों से ओझल रह जाती हैं। इस सेक्शन में 25 फीचर फिल्में और 20 नॉन-फीचर फिल्में शामिल हैं।
'धुरंधर' फिल्म जसकीरत सिंह रंगी (उर्फ हमजा अली मजारी) की कहानी है, जिसे पाकिस्तान के लियारी में एक आतंकी गुट को खत्म करने के लिए भेजा जाता है। अपने मिशन को पूरा करने के लिए वह बलूच गिरोह में शामिल हो जाता है, लियारी के एक राजनेता की बेटी से शादी करता है और वहां के समाज का हिस्सा बन जाता है।
इस फिल्म का पार्ट वन 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई था और 'धुरंधर 2' इस साल 19 मार्च को रिलीज हुई। इन दो फिल्मों में रणवीर, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर ने काम किया है। पहली फिल्म ने दुनिया भर में ₹1307 करोड़ की कमाई की, जबकि इसके सीक्वल ने ₹1790 करोड़ कमाए। इन दोनों फिल्मों ने मिलकर वैश्विक स्तर पर ₹3,000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।