Ghooskhor Pandat: नीरज पांडे द्वारा निर्मित और मनोज बाजपेयी अभिनीत नेटफ्लिक्स फिल्म 'घूसखोर पंडित' मंगलवार को टीज़र जारी होने के बाद से ही विवादों में घिरी हुई है। कुछ नेटिज़न्स ने फिल्म के टाइटल की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि यह ब्राह्मण समुदाय के प्रति अपमानजनक है।
इसी बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेटफ्लिक्स और 'घूसखोर पंडित' के निर्माताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया है, जिसके चलते लखनऊ में एफआईआर दर्ज की गई है। फिल्म में जातिगत पहचान का अपमान करने और सामाजिक सद्भाव को खतरे में डालने का आरोप है। इस विरोध के बीच, नीरज पांडे ने एक बयान जारी कर कहा है कि उन्होंने फिलहाल सभी प्रमोशनल चीजें हटा दी हैं। अब अभिनेता मनोज बाजपेयी ने भी इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि वे जनता की भावनाओं और चिंताओं का सम्मान करते हैं।
अपनी फिल्म 'घुसखोर पंडित' के टाइटल को लेकर मचे भारी विरोध के बीच, मनोज बाजपेयी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बयान साझा करते हुए लोगों की चिंताओं को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यह किसी भी समुदाय के खिलाफ कोई कमेंट नहीं है और उन्होंने टीज़र और अन्य प्रचार सामग्री को हटाने का फैसला किया है।
उन्होंने नीरज पांडे के प्रति अपना समर्थन भी जताया और उनके प्रोजेक्ट्स के प्रति गंभीरता और मेहनत की सराहना की। मनोज बाजपेयी ने लिखा, “लोगों द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं और चिंताओं का मैं सम्मान करता हूं और उन्हें गंभीरता से लेता हूं। जब आप जिस चीज का हिस्सा होते हैं, उससे कुछ लोगों को ठेस पहुंचती है, तो यह आपको रुककर सुनने के लिए मजबूर करता है। एक अभिनेता के रूप में, मैं फिल्म में उस किरदार और कहानी के माध्यम से आता हूं जिसे मैं निभा रहा हूं। मेरे लिए, यह एक गलत व्यक्ति और उसके आत्म-मंथन की यात्रा को दिखाने करने के बारे में था। यह किसी भी समुदाय के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “नीरज पांडे के साथ काम करने के मेरे अनुभव में, मैंने देखा है कि वे अपनी फिल्मों को लेकर हमेशा गंभीर और सतर्क रहते हैं। जनभावना को ध्यान में रखते हुए फिल्म निर्माताओं ने प्रचार सामग्री हटाने का फैसला किया है। इससे पता चलता है कि लोगों की चिंताओं को कितनी गंभीरता से लिया जा रहा है।”
'घूसखोर पंडित' एक थ्रिलर है जो भ्रष्ट और नैतिक रूप से दिवालिया पुलिस अधिकारी अजय दीक्षित (मनोज बाजपेयी द्वारा अभिनीत) की कहानी है। उसे अनुमान से कहीं अधिक बड़ी घटनाओं की सीरीज में उलझा देती है। दिल्ली के बीचोंबीच चलती कार से फेंकी गई बुरी तरह घायल लड़की की पहचान उजागर करने की कोशिश में वह खुद को एक साजिश में फंस जाता है। रितेश शाह द्वारा निर्देशित, घूसखोर पंडित में मनोज बाजपेयी, नुसरत भरुचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, श्रद्धा दास और कीकू शारदा हैं। इसका निर्माण नीरज पांडे ने किया है।