23 जनवरी 2026 को रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ इस समय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त पकड़ बनाए हुए है। देशभर में फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है और हर दिन इसके कलेक्शन में मजबूती देखने को मिल रही है। बड़े बजट और बड़े स्टार की मौजूदगी ने इसे सिनेमाघरों में खास बढ़त दिलाई है। ऐसे में जब एक ही समय पर कोई दूसरी फिल्म रिलीज होती है, तो उसका टिक पाना आसान नहीं होता। इसी मजबूत माहौल के बीच रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ ने भी अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाबी हासिल की है।
सीमित स्क्रीन्स और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है। धीरे-धीरे बढ़ती कमाई इस बात का संकेत है कि कंटेंट के दम पर फिल्म आगे बढ़ रही है। बड़े मुकाबले के बीच ‘मर्दानी 3’ का टिके रहना इंडस्ट्री के लिए एक दिलचस्प संकेत माना जा रहा है।
डे 10 पर दिखा कमाई में उछाल
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ ने दसवें दिन 4 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 35.65 करोड़ तक पहुंच गया, जबकि इंडिया ग्रॉस 42.15 करोड़ हो चुका है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन 50.55 करोड़ का आंकड़ा पार कर गया है, जो फिल्म के लिए पॉजिटिव संकेत है।
करीब 60 करोड़ के बजट में बनी ‘मर्दानी 3’ धीरे-धीरे अपनी लागत की भरपाई की ओर बढ़ रही है। ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो मौजूदा ट्रेंड के हिसाब से आने वाले दिनों में फिल्म बजट रिकवर कर सकती है।
फिल्म ने पहले दिन 4 करोड़ से खाता खोला था। दूसरे दिन 6.25 करोड़ और तीसरे दिन 7.25 करोड़ की मजबूत कमाई देखने को मिली। इसके बाद चौथे दिन 2.25 करोड़, पांचवें दिन 2.6 करोड़, छठे दिन 2.1 करोड़, सातवें और आठवें दिन 1.85-1.85 करोड़, जबकि नौवें दिन 3.5 करोड़ का कलेक्शन दर्ज किया गया।
क्या है ‘मर्दानी 3’ की कहानी
‘मर्दानी 3’ की कहानी शिवानी शिवाजी रॉय पर आधारित है, जो इस बार एनआईए के साथ मिलकर काम करती नजर आती हैं। फिल्म में बच्चियों के गायब होने के मामलों की जांच के दौरान एक बड़े मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश होता है। रानी मुखर्जी के साथ मल्लिका प्रसाद, जानकी बोड़ीवाला और प्रजेश कश्यप अहम भूमिकाओं में दिखाई देते हैं।