रानी मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मर्दानी 3’ आखिरकार बड़े पर्दे पर आ चुकी है और रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। 30 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म में रानी एक बार फिर तेज-तर्रार और बेखौफ पुलिस अधिकारी ‘शिवानी शिवाजी रॉय’ के रूप में नजर आईं। ‘मर्दानी’ और ‘मर्दानी 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद तीसरे भाग से फैंस को बड़ी उम्मीदें थीं, जिन्हें फिल्म ने काफी हद तक पूरा किया है। दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और मजबूत अभिनय के दम पर रानी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह किरदार उनके लिए खास क्यों है।
शुरुआती दिनों में फिल्म की रफ्तार भले थोड़ी धीमी रही, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने इसे मजबूती दी है। ‘मर्दानी 3’ एक बार फिर महिला प्रधान सिनेमा की ताकत को रेखांकित करती नजर आ रही है।
बॉक्स ऑफिस पर टक्कर का माहौल
‘मर्दानी 3’ को रिलीज के साथ ही कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा। एक तरफ बॉर्डर 2 थी, वहीं बाद में ओ रोमियो और तू या मैं जैसी फिल्मों ने भी सिनेमाघरों में एंट्री ली। ऐसे में टिकट खिड़की पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला।
फिल्म ने 4 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी। पहले हफ्ते में 26.3 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 14.6 करोड़ का कारोबार कर इसने अपनी पकड़ मजबूत बनाई। हालांकि वर्किंग डेज में रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी, लेकिन दूसरे वीकेंड पर फिल्म ने वापसी की।
Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, 17वें दिन यानी रविवार को फिल्म ने 1.05 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही ‘मर्दानी 3’ का कुल भारतीय कलेक्शन 44.20 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म की कहानी बुलंदशहर से शुरू होती है, जहां लड़कियों के रहस्यमयी अपहरण का सिलसिला चलता है। ‘अम्मा’ नाम की महिला एक खतरनाक गैंग चलाती है, जो मासूम लड़कियों को अगवा करती है। मामला तब और गंभीर हो जाता है जब एक बड़े अधिकारी की बेटी भी इस साजिश का शिकार बन जाती है।
यहीं से एंट्री होती है शिवानी शिवाजी रॉय की, जो पूरे मामले की तह तक जाने के लिए हर जोखिम उठाती है। जांच के दौरान चाइल्ड बैगर गैंग की साजिश सामने आती है, जो बेहद खौफनाक सच को उजागर करती है। फिल्म का क्लाइमैक्स दर्शकों को झकझोर कर रख देता है।
रानी की एक्टिंग बनी फिल्म की जान
‘मर्दानी 3’ की सबसे बड़ी ताकत रानी मुखर्जी का दमदार प्रदर्शन है। उन्होंने अपने किरदार में वही जुनून और सख्ती दिखाई, जिसने इस फ्रेंचाइज़ी को खास बनाया है। क्रिटिक्स और फैंस दोनों ने उनकी एक्टिंग की जमकर तारीफ की है।
फिलहाल, कड़े मुकाबले के बीच ‘मर्दानी 3’ 44 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह फिल्म कितनी दूर तक अपनी रफ्तार बनाए रख पाती है।