O romeo BO collection day 3: IND-PAK मैच के रोमांच में घटी ‘ओ रोमियो’ की रफ्तार, तीसरे दिन कलेक्शन में आई गिरावट

O romeo box office collection day 3: शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ वैलेंटाइन वीक में रिलीज हुई, जिसका फिल्म को सीधा फायदा मिला। दमदार ओपनिंग के बाद यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। वहीं आदर्श गौरव और शनाया कपूर की ‘तू या मैं’ टिकट खिड़की पर संघर्ष करती नजर आ रही है

अपडेटेड Feb 16, 2026 पर 8:21 AM
Story continues below Advertisement
O romeo BO collection day 3: ‘ओ रोमियो’ के लिए आने वाला सप्ताह बेहद अहम साबित होगा।

शाहिद कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओ रोमियो’ ने आखिरकार सिनेमाघरों में एंट्री कर ली है और रिलीज होते ही यह चर्चा का विषय बन गई है। लंबे समय से फैंस इस फिल्म का इंतजार कर रहे थे, खासकर इसलिए क्योंकि इसमें शाहिद कपूर एक अलग और इंटेंस अवतार में नजर आ रहे हैं। उनके साथ तृप्ति डिमरी की जोड़ी भी दर्शकों के लिए ताजगी लेकर आई है। फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। जहां दोनों कलाकारों की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और भावनात्मक दृश्यों की तारीफ हो रही है, वहीं कहानी को लेकर कुछ दर्शकों ने निराशा भी जताई है।

रोमांस और रिवेंज के तड़के के साथ पेश की गई यह फिल्म भावनाओं और एक्शन का संगम है, लेकिन पटकथा उतनी प्रभावशाली साबित नहीं हो पाई, जितनी उम्मीद की जा रही थी।

शुरुआत दमदार, तीसरे दिन आई गिरावट


फिल्म ने पहले दिन 8.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। दूसरे दिन यानी वैलेंटाइन वीकेंड पर इसका कलेक्शन उछलकर 12.65 करोड़ रुपये पहुंच गया। लेकिन तीसरे दिन कमाई घटकर 9 करोड़ रुपये रह गई।

तीन दिनों में फिल्म का कुल भारतीय कलेक्शन 30.15 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 35.6 करोड़ रुपये तक पहुंचा। दुनियाभर में फिल्म ने 40.6 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

हालांकि रविवार को गिरावट चिंता का संकेत मानी जा रही है। उसी दिन भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच का रोमांच भी चरम पर था, जिसका असर दर्शकों की संख्या पर साफ दिखा।

कहानी, बजट और दमदार स्टारकास्ट

करीब 60 से 65 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म में शाहिद कपूर ‘उस्तारा’ और तृप्ति डिमरी ‘अफशा कुरैशी’ के किरदार में नजर आए हैं।

फिल्म में नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी, विक्रांत मैसी, फरीदा जलाल और राहुल देशपांडे जैसे कलाकार भी शामिल हैं।

यह फिल्म माफिया क्वींस ऑफ मुंबई पर आधारित है, जिसे हुसैन जैदी ने लिखा है। निर्देशन के साथ-साथ संगीत की कमान भी विशाल भारद्वाज ने संभाली है।

तू या मैंकी हालत पतली

वैलेंटाइन वीकेंड पर रिलीज हुई ‘तू या मैं’ बॉक्स ऑफिस की दौड़ में पिछड़ती नजर आई। फिल्म ने पहले दिन महज 60 लाख रुपये कमाए। दूसरे दिन कमाई बढ़कर 1.45 करोड़ रुपये पहुंची, लेकिन तीसरे दिन यह गिरकर 75 लाख रुपये पर सिमट गई।

तीन दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 2.8 करोड़ रुपये रहा। हालांकि यह शनाया कपूर के करियर की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

तुलना में कौन आगे?

जहां ‘ओ रोमियो’ ने तीन दिनों में 30 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया, वहीं ‘तू या मैं’ 3 करोड़ के करीब भी नहीं पहुंच सकी। शाहिद कपूर की स्टार पावर और विशाल भारद्वाज का नाम फिल्म को शुरुआती बढ़त दिलाने में कामयाब रहा।

दिलचस्प बात यह है कि आदर्श गौरव की फिल्म सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव अब भी 5.32 करोड़ के नेट कलेक्शन के साथ उनके करियर की सबसे सफल फिल्म बनी हुई है।

‘ओ रोमियो’ के लिए आने वाला सप्ताह बेहद अहम साबित होगा। अगर वीकडेज में फिल्म स्थिर रहती है, तो यह अपने बजट की भरपाई कर सकती है। वहीं ‘तू या मैं’ के लिए अब मजबूत वर्ड ऑफ माउथ ही आखिरी उम्मीद है।

Dia Mirza: दीया मिर्जा ने वैभव रेखी के साथ मनाई शादी की 5वीं सालगिरह, अनसीन फोटोज के साथ कैप्शन लिखा खास

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।