Moushumi Chatterjee: दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और फिल्म निर्माता जयंत मुखर्जी का 12 नवंबर 2026 को उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण निधन हो गया। उनके निधन की खबर से कई लोग स्तब्ध रह गए। अब उनके निधन के कुछ दिनों बाद दिग्गज अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपना पहला पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने इस कठिन समय में अपने और अपनी बेटी के लिए प्राइवेसी (निजता) की मांग की है।
अपने X (ट्विटर) अकाउंट पर मौसमी ने लिखा- "मेरे पति जयंत - जिन्हें सब प्यार से 'बाबू' कहकर बुलाते थे - अब हमारे बीच नहीं रहे, वे स्वर्ग सिधार गए हैं। मेरी सभी से विनती है कि इस मुश्किल दौर से उबरने के लिए मुझे और मेरी बेटी को थोड़ा समय और स्पेस दें। आपकी प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए मैं सच में आभारी हूं।"
जयंत चटर्जी के निधन के बाद 15 नवंबर को एक प्रार्थना सभा (प्रेयर मीट) आयोजित की गई। उनकी बेटी मेघा ने एक बयान जारी कर इस प्रार्थना सभा की जानकारी दी। बयान में लिखा था- "बहुत दुख के साथ हम आपको सूचित कर रहे हैं कि मेरे पिता श्री जयंत हेमंत मुखर्जी का 12 नवंबर 2026 को निधन हो गया है। उनकी याद में 15 नवंबर 2026 रविवार को एक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। स्थान- श्री खटवारी दरबार, 366 श्री खटवारी दरबार मार्ग, लिंकिंग रोड, खार वेस्ट, मुंबई 400052। समय: शाम 5:30 से 7:30 बजे तक।"
मौसमी और जयंत के बारे में
मौसमी और जयंत की शादी 1972 में हुई थी। उस समय अभिनेत्री की उम्र सिर्फ 15 साल थी और बताया जाता है कि वह 10वीं कक्षा में पढ़ रही थीं। इस जोड़े ने मौशमी की मौसी की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए शादी करने का फैसला किया था। उस दौर में कई लोगों का मानना था कि शादी के बाद किसी अभिनेत्री का करियर खत्म हो जाएगा। लेकिन मौशमी ने इसे गलत साबित कर दिया। उन्होंने अभिनय करना जारी रखा और 1970 और 1980 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक बन गईं।
इस कपल की दो बेटियां थीं - पायल मुखर्जी और मेघा मुखर्जी। उनकी बड़ी बेटी पायल का 13 दिसंबर 2019 को 45 साल की उम्र में निधन हो गया। मौत से पहले वह कोमा में थीं। उनकी छोटी बेटी मेघा ने भी अभिनय को ही अपना करियर चुना। उन्होंने 'रेडियो', 'रुसलान' और 'ऐसा क्यों होता है' जैसी कई फिल्मों में काम किया है। जयंत के परिवार में उनकी पत्नी मौसमी और बेटी मेघा हैं।