Nargis Fakhri: बॉलीवुड अदाकारा नरगिस फाखरी ने अपने बॉयफ्रेंड टोनी बेग के साथ कैलिफ़ोर्निया में एक गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। हाल ही में उन्हें मुंबई में विजिट कतर और नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र की एक पार्टी में देखा गया। इस कार्यक्रम में उनके पति टोनी के साथ उनकी मौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा।
वायरल वीडियो में नरगिस टोनी फिल्म निर्माता फराह खान के साथ रेड कार्पेट पर पोज़ देती नज़र आए। नरगिस ने महिमा महाजन द्वारा डिज़ाइन किया गया वाइन रंग का लहंगा पहना था, जिसके साथ उन्होंने गोल्डन चूड़ियां और मैचिंग नेकलेस पहना था। वहीं, टोनी काले कोट पैंट में बेहद हैंडसम लग रहे थे, जबकि फराह ने भी पूरी तरह से काले रंग का आउटफिट चुना और रंग-बिरंगे फूलों की कढ़ाई वाले ब्लेज़र के साथ अपने लुक को स्टाइलिश बनाया।
वीडियो में, जैसे ही टोनी फराह और नरगिस के साथ पोज़ देने के लिए आगे बढ़े, फराह उन्हें कहती सुनाई दीं, "अपनी पत्नी के साथ आओ।" ये बात सुनकर फैंस हैरान थे कि नरगिस शादीशुदा हैं, वहीं कुछ ने उन्हें "प्यारा कपल" कहा। इस कार्यक्रम में अनिल कपूर, चंकी पांडे, ध्वनि भानुशाली और अन्य लोग भी शामिल हुए।
नरगिस ने कथित तौर पर इसी साल फरवरी में अपने बॉयफ्रेंड और अमेरिका में रहने वाले उद्यमी टोनी से शादी कर ली थी। शादी से पहले दोनों ने लगभग तीन साल तक एक-दूसरे को डेट किया। उन्होंने दुबई में नए साल 2024 का जश्न भी साथ मनाया था। इस पार्टी में नरगिस के पूर्व प्रेमी उदय चोपड़ा भी मौजूद थे। उनकी शादी की कई तस्वीरें रेडिट पर सामने आईं, जिनमें से एक केक कटिंग की फोटो भी शामिल है, जिस पर "हैप्पी मैरिज" के साथ-साथ कपल के नाम के पहले अक्षर, टीबी और एनएफ भी लिखे हुए हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस कपल ने कैलिफ़ोर्निया के एक आलीशान होटल में एक बेहद निजी शादी समारोह आयोजित किया था। एक सूत्र ने बताया, "नरगिस और टोनी दोनों ने यह सुनिश्चित किया कि शादी में कोई भी उनकी तस्वीरें न खींचे। यह एक बेहद निजी समारोह था, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए।
नरगिस हाल ही में साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन हाउसफुल 5 में नज़र आई थीं। तरुण मनसुखानी द्वारा निर्देशित इस कॉमेडी-थ्रिलर में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, रितेश देशमुख, संजय दत्त, फरदीन खान, श्रेयस तलपड़े, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, डिनो मोरिया, जैकलीन फर्नांडीज, चित्रांगदा सिंह, सोनम बाजवा, सौंदर्या शर्मा, चंकी पांडे, निकितिन धीर और जॉनी लीवर भी मुख्य भूमिकाओं में थे। ₹250 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस पर ₹288.58 करोड़ की कमाई की।