बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा धूपिया इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज को लेकर काफी चर्चा में हैं। एक्ट्रेस की वेब सीरीज 'सिंगल पापा' और 'परफेक्ट फैमिली' को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। इस सीरीज में नेहा धूपिया की एक्टिंग की काफी तारीफ हो रही है। हाल ही में एक इंटरव्यू में नेहा धूपिया ने अपने करियर के एक मुश्किल दौर पर खुलकर बात की है। एक्ट्रेस ने बताया कि एक समय ऐसा था जब उन्हें लगातार तीन से चार साल तक कोई काम नहीं मिला। उस दौरान पर उनको एंग्जायटी होने लगी थी। लेकिन इस दौरान उन्होंने खुद को संभालना सीखा।
बॉलीवुड हंगामा के साथ बातचीत में नेहा धूपिया ने अपने मन की बात खुलकर रखी है। उन्होंने कहा, “जब मैं काम नहीं कर रही होती हूं, तो मुझे एंग्जायटी महसूस होती है। इंडस्ट्री में 20 साल बिताने के बाद भी ऐसा होता है कि जब सब शांत हो जाता है, तो मैं तकिये में सिर रखकर रोती हूं। मैंने यह तीन दिन पहले भी किया। क्या इसके पीछे कोई वजह है? हां। क्या कोई इसे सुन रहा है? मुझे नहीं पता। लेकिन मैं इसे कोई दुख भरी कहानी नहीं बनाना चाहती, क्योंकि मुझे फिल्मों का काम पसंद है। मुझे लगता है कि यही भरोसा मुझे टूटने नहीं देता।”
जब काम ना हो तो मुश्किल होती है
नेहा ने इस मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि एक्टर्स को अक्सर मोटी चमड़ी रखने की सलाह दी जाती है, लेकिन ऐसा करना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा,"ये बहुत मुश्किल हो जाता है। मोटी चमड़ी रखने की सलाह दी जाती है, लेकिन हर चीज मायने रखती है। सबसे मुश्किल तब होता है जब आप खुद काम नहीं कर रहे होते और आपके आसपास सभी लोग काम में व्यस्त होते हैं। आप बस जिंदगी को आगे बढ़ते हुए देखते रहते हैं।" नेहा ने आगे कहा, "मुझमें और एक न्यूकमर में बस इतना फर्क है कि मुझे पता है कि इन चीजों से कैसे पार पाना है। मैं कई बार परेशान हुई हूं।”
नेहा ने आगे कहा कि जब तीन–चार साल तक कोई एक्टिंग प्रोजेक्ट नहीं मिलता, तो तो मैं बहुत थक जाती हूं। हालांकि उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से उनके पास कभी पूरी तरह काम की कमी नहीं रही, क्योंकि वह अलग-अलग तरह के काम करती रहती हैं। उससे मैं थक जाती हैं लेकिन अंत में लगता है कि कुछ किया है।”
अक्षय खन्ना से इंस्पायर होती हूं
नेहा धूपिया ने अक्षय खन्ना का जिक्र करते हुए कहा कि वह अक्सर उनके करियर के सफर से इंस्पायर लेती हैं। नेहा ने कहा, "काम से और काम मिलना जरूरी है। अगर हाल के दो शो में मेरा काम आगे किसी अच्छे प्रोजेक्ट में नहीं बदलता, तो उसका कोई मतलब नहीं रह जाता। क्या काम से अच्छा काम होता है? मुझे कभी-कभी पता नहीं चलता, फिर आप अक्षय खन्ना का रास्ता देखते हैं और फिर आप सोचते हैं, हम भी 6 साल घर ही बैठ जाते हैं। बस यही उम्मीद है कि काम से काम मिलेगा।”
नेहा धूपिया ने 10 मई 2018 को एक सादे और निजी समारोह में अभिनेता अंगद बेदी से शादी की थी। अंगद, पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान बिशन सिंह बेदी के बेटे हैं। शादी के कुछ ही महीनों बाद, 18 नवंबर 2018 को दोनों के घर बेटी का जन्म हुआ। इसके बाद 3 अक्टूबर 2021 को यह कपल दूसरी बार माता-पिता बना और उनके घर एक बेटे ने जन्म लिया।