बॉलीवुड एक्ट्रेस, मॉडल और सोशल इन्फ्लुएंसर नेहा मलिक के घर से 34 लाख रुपये के गहने की चोरी की घटना सामने आई है। इस मामले में नेहा ने मुंबई अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। नेहा का शक अपनी घेरलू नौकरानी पर है। लिहाजा पुलिस ने शहनाज मुस्तफा शेख के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कहा कि परिवार को संदेह है कि चोरी के एक दिन बाद भी घरेलू नौकरानी शहनाज़ शेख़ काम पर नहीं आई। अंबोली पुलिस स्टेशन ने आरोपी शहनाज शेख के खिलाफ BNS की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर उसे अंधेरी के जेबी नगर से गिरफ्तार कर लिया है।
इतना ही नहीं मुंबई पुलिस ने घरेलू नौकरी के पास से चोरी किए गए गहने भी बरामद कर लिये हैं। बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा मालिक और उनकी मां मंजू मलिक अंधेरी पश्चिम के चार बंगला स्थित अदानी हाइट्स कॉम्प्लेक्स में रहती हैं। घरेलू नौकरानी उनके यहां फरवरी महीने से काम कर रही थी।
नौकरानी को घर पर छोड़कर चले गए थे गुरुद्वारा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 34 साल की एक्ट्रेस नेहा मलिक की मां मंजू मलिक (65) ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने कहा कि उनकी अलमारी से 34 लाख रुपये के गहने गायब हैं। शुक्रवार को उनकी नौकरानी शेख काम के लिए मलिक के पहुंची तो उस समय शेख को घर पर अकेला छोड़कर मां गुरुद्वारा चली गईं थी। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता मंजू अपने आभूषणों को बेडरूम में एक लकड़ी के खुले दराज में एक थैले में रखती थी। कई मौकों पर, उसने नौकरानी की मौजूदगी में गहने रखे थे। आरोपी शहनाज को भली भांति पता रहता था कि उसके गहने कहां पर रखे हैं।
चोरी के बाद काम पर नहीं आई नौकरानी
मंजू ने पुलिस को आगे बताया कि इसके अगले दिन शहनाज काम पर नहीं आई। फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद मंजू को एहसास हुआ कि अलमारी से उसके गहने गायब हैं। उसने पुलिस को बताया कि पूरा घर छानमारा, लेकिन गहनों का पता नहीं चल सका है।
नेहा मलिक ने इन फिल्मों में किया काम
नेहा मलिक एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने बॉलीवुड में कुछ फिल्मों में काम किया है। बताया जाता है कि वो साल 2012 से फिल्म और मॉडलिंग इंडस्ट्री में काम कर रही हैं। उन्होंने कुछ इंडियन फिल्मों में काम किया है, जिनमें 'मुसाफिर 2020' और 'पिंकी मोगे वाली 2' जैसी की फिल्में शामिल हैं। नेहा सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं।