Neha Sharma: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के गलत इस्तेमाल ने दुनिया भर के लोगों, खासकर मशहूर हस्तियों के बीच चिंता पैदा कर दी है। इस तकनीक के जरिए डीपफेक, छेड़छाड़ किए गए वीडियो और पहचान के गलत इस्तेमाल के कई मामले सामने आ रहे हैं। अपनी पहचान के इस तरह के दुरुपयोग को लेकर कई कलाकार कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। इस सूची में अब अभिनेत्री नेहा शर्मा का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने इसके खिलाफ आवाज उठाई है और उन लोगों को चेतावनी दी है जो उनके चेहरे और रूप का इस्तेमाल करके AI-जनरेटेड कंटेंट बना रहे हैं।
शनिवार को 'X' (ट्विटर) पर नेहा ने लिखा- "जो कोई भी मेरी सहमति के बिना, AI-जनरेटेड वीडियो या तस्वीरें बनाने के लिए मेरे चेहरे का इस्तेमाल कर रहा है उसे चेतावनी दी जाती है कि वह तुरंत ऐसा करना बंद कर दे।"
उन्होंने आगे कहा- "जो कंटेंट पहले ही पोस्ट किया जा चुका है, उसे तुरंत हटा दें। साथ ही मेरी पहचान का इस्तेमाल करके AI-जनरेटेड वीडियो या तस्वीरें बनाना, एडिट करना या उन्हें फैलाना बंद करें। मुझे गलत तरीके से पेश करने या मेरी छवि खराब करने के लिए मेरे चेहरे का इस तरह इस्तेमाल करना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। मैं अपने चेहरे या बॉडी के इस तरह के अनधिकृत इस्तेमाल की अनुमति नहीं देती हूं।"
कानूनी रास्ता अपनाने की बात कहते हुए नेहा ने अपनी बात खत्म की औक कहा कि इसे एक औपचारिक चेतावनी समझें। जो कोई भी ऐसा कंटेंट बनाने, पोस्ट करने या फैलाने के लिए जिम्मेदार है, उसके खिलाफ मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी। किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि फर्जी अकाउंट के पीछे छिपने या AI का इस्तेमाल करने से वे जवाबदेही से बच जाएंगे।
अपनी पहचान की सुरक्षा करती मशहूर हस्तियां
नेहा उन कई भारतीय मशहूर हस्तियों में से एक हैं जिन्होंने डीपफेक के मुद्दे पर बात की है। हाल के दिनों में कई कलाकारों ने AI के जरिए अपनी पहचान, छवि और व्यक्तित्व अधिकारों के दुरुपयोग को रोकने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। अक्षय कुमार, वरुण धवन, अनिल कपूर, शिल्पा शेट्टी, प्रीति जिंटा, कार्तिक आर्यन, मृणाल ठाकुर, सुनील शेट्टी और कई अन्य सितारों ने अपनी तस्वीरों और आवाज के अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर कोर्ट का रुख किया है। यह सब AI के जरिए पहचान की चोरी (identity theft) को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हो रहा है।