ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया में बेचैनी और डर का माहौल बना दिया है। लगातार सामने आ रही हमलों और जवाबी कार्रवाई की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर मध्य पूर्व के शहरों से आ रही घटनाओं ने वहां रहने वाले लोगों के साथ-साथ दुनियाभर के नागरिकों को भी प्रभावित किया है। इस तनाव का असर अब आम लोगों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के सितारों पर भी साफ नजर आ रहा है। इसी बीच बॉलीवुड की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही ने भी मौजूदा हालात को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है।
दुबई से जुड़े उनके काम और वहां की स्थिति को देखते हुए नोरा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सुरक्षा और भावनाओं को लेकर फैंस से बात की, जिससे उनके चाहने वालों की चिंता कुछ कम हुई है।
दुबई से भारत लौटीं नोरा, वीडियो शेयर कर दी जानकारी
नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने फैंस को बताया कि वो अब सुरक्षित हैं और दुबई से भारत लौट चुकी हैं। उन्होंने बताया कि दुबई उनके काम का अहम हिस्सा रहा है, क्योंकि वहां उनके कई शो और इवेंट्स होते हैं। लेकिन मौजूदा हालात ने उन्हें अंदर तक डरा दिया है। उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि वो ठीक हैं, लेकिन जो कुछ हो रहा है, वो बेहद डराने वाला है।
‘जो देखा, उसने अंदर तक हिला दिया’
वीडियो में नोरा ने भावुक होते हुए कहा कि हाल ही में सामने आए वीडियो और खबरों ने उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि ये सब देखकर वो बहुत परेशान हैं और दुनिया में फैल रही अनिश्चितता ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया है। उनके मुताबिक, आज हर कोई डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
दुनिया से की शांति की अपील
नोरा ने अपने संदेश में दुनिया से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी नहीं चाहता कि निर्दोष लोगों की जान जाए। हर इंसान को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित रहने, सावधानी बरतने और ईश्वर पर भरोसा रखने की सलाह दी।
मोरक्को से भारत तक का सफर
मोरक्को में जन्मी नोरा फतेही आज भारत में अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर खास पहचान बना चुकी हैं। दुनियाभर में परफॉर्म करने वाली नोरा के चेहरे पर इस घटना को लेकर साफ चिंता दिखाई दी। मौजूदा हालात ने उन्हें भी अंदर से डरा दिया है और उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही दुनिया में शांति और स्थिरता लौटेगी।