Hema Malini: ऑस्कर मंच पर धर्मेंद्र को नहीं किया गया याद, हेमा मालिनी ने जताई नाराजगी, ईशा ने कही बड़ी बात

Oscars 2026: 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 में जहां दुनियाभर के कलाकारों को सम्मान मिला, वहीं श्रद्धांजलि सेगमेंट में धर्मेंद्र का नाम ऑन-एयर नहीं दिखा। इससे भारतीय फैंस में नाराजगी देखने को मिली। इस मामले पर अब हेमा मालिनी और ईशा देओल l की प्रतिक्रिया भी सामने आई है

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 9:01 AM
Story continues below Advertisement
Oscars 2026: धर्मेंद्र का नाम प्रसारण में न आने पर सोशल मीडिया पर फैंस की नाराजगी

15 मार्च को Academy Awards 2026 का भव्य आयोजन Dolby Theatre, Los Angeles में हुआ, जहां दुनियाभर के कलाकारों को सम्मानित किया गया। यह समारोह हर साल की तरह इस बार भी ग्लैमर और चर्चाओं से भरा रहा। हालांकि भारतीय दर्शकों के लिए यह पल थोड़ा भावुक और निराशाजनक साबित हुआ। वजह रही दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का नाम ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में ऑन-एयर शामिल न होना। जैसे ही यह बात सामने आई, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की लहर दौड़ पड़ी। फैंस ने इसे एक बड़े कलाकार के प्रति अनदेखी बताया, जिससे यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बन गया।

हेमा मालिनी ने जताई नाराजगी

इस मुद्दे पर हेमा मालिनी ने खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे “शर्मनाक” बताते हुए कहा कि इतने बड़े कलाकार को नजरअंदाज करना सही नहीं है। उनके अनुसार, धर्मेंद्र जैसे सितारे दुनिया भर में पहचाने जाते थे, लेकिन उन्हें जीवन में कई बड़े अवॉर्ड्स से भी दूर रखा गया।


ईशा देओल का अलग नजरिया

वहीं बेटी ईशा देओल ने इस मामले को अलग नजरिए से देखा। उन्होंने कहा कि उनके पिता को ऐसी चीजों से कभी फर्क नहीं पड़ता था। उनके लिए असली मायने लोगों का प्यार, सम्मान और दिलों में जगह बनाना था, न कि अवॉर्ड या पहचान।

पहले भी मिल चुका है सम्मान

यह पहली बार नहीं है जब भारतीय सितारों को ऑस्कर के मंच पर श्रद्धांजलि दी गई हो। इससे पहले शशि कपुर और श्रीदेवी को विशेष रूप से याद किया गया था। इसके अलावा ईरफान खान और भानु अथैया को भी इस सेगमेंट में जगह मिली थी।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

धर्मेंद्र का नाम प्रसारण में न आने पर सोशल मीडिया पर फैंस की नाराजगी साफ दिखी। कई लोगों ने इसे बॉलीवुड के साथ अन्याय बताया और ऑस्कर पर सवाल उठाए। यूजर्स ने कहा कि 60 साल तक सिनेमा को देने वाले कलाकार को इस तरह नजरअंदाज करना दुखद है।

असल सच्चाई क्या है?

हालांकि, बाद में यह स्पष्ट हुआ कि धर्मेंद्र का नाम पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया गया था। उनका नाम ऑस्कर की आधिकारिक वेबसाइट पर श्रद्धांजलि सूची में शामिल था, लेकिन लाइव प्रसारण में उसे नहीं दिखाया गया। इसी वजह से दर्शकों में भ्रम और नाराजगी पैदा हुई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।