पाकिस्तान के नन्हे सितारे उमर शाह की 15 साल की उम्र में हार्ट अटैक से हुई मौत, ‘पीछे देखो पीछे’ मीम से हुए थे वायरल

उमर शाह का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ। उमर की लोकप्रियता में ‘पीछे देखो पीछे’ मीम के वायरल होने का बहुत बड़ा हाथ रहा। वह पाकिस्तान में ही नहीं हिंदुस्तान में भी अच्छे खासे फेमस थे। उमर की मौत से पाकिस्तान और हिंदुस्तान दोनों देशों में उनके फैंस को धक्का लगा है।

अपडेटेड Sep 16, 2025 पर 8:55 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान के नन्हे सितारे उमर शाह की मौत से उनके फैंस को बहुत धक्का लगा है।

पाकिस्तान ही नहीं भारत में भी अच्छे खासे लोकप्रिय पाकिस्तानी नन्हे सितारे उमर शाह की मौत की खबर से उनके फैंस बुरी तरह हिल गए हैं। उमर को पॉपुलर पाकिस्तारी टीवी शो 'जीतो पाकिस्तान' और 'शान-ए-रमजान' में उनके रोल के लिए जाना जाता है। उमर का सोमवार, 15 सितंबर को डेरा इस्माइल खान में निधन हो गया। वह 15 साल के थे। खबरों के मुताबिक, उमर शाह का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ। उमर की लोकप्रियता में ‘पीछे देखो पीछे’ मीम के वायरल होने का बहुत बड़ा हाथ रहा। वह पाकिस्तान में ही नहीं हिंदुस्तान में भी अच्छे खासे फेमस थे।

इस दुखद खबर की जानकारी उनके भाई और टिकटॉक स्टार अहमद शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा, ‘हमारे परिवार का नन्हा चमकता सितारा, उमर शाह, अपने रचयिता के पास लौट आया है। इन्ना लिल्लाहि वा इन्ना इलैहि राजिउन।’ उन्होंने प्रशंसकों से उमर के लिए और शोकाकुल परिवार को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करने का भी आग्रह किया। अपनी मासूम मुस्कान और जिंदादिल स्वभाव के लिए मशहूर उमर अपने बड़े भाइयों, अहमद और अबू बकर के साथ एआरवाई डिजिटल के हिट शोज के जरिए घर-घर में मशहूर हो गए।

उमर के जनाजे की नमाज दरबान रोड पर अदा की गई। यहां बड़ी संख्या में रिश्तेदार, दोस्त और स्थानीय लोग श्रद्धांजलि देने के लिए जमा हुए। उन्हें जखोरी शरीफ कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनकी कब्र पर फूल चढ़ाए और उनके निधन को एक बहुत बड़ी क्षति बताते हुए अपना दुख व्यक्त किया। उमर की मौत से पाकिस्तान और हिंदुस्तान दोनों देशों में उनके फैंस को धक्का लगा है।

उमर के चाचा और गुरु, दानियाल शाह ने बताया कि पिछली रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनको जोर-जोर से उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। दानियाल ने आगे बताया कि हाल ही में उनके घर पर एक जहरीला सांप मिला था, जिसे मार दिया गया था, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत का इससे कोई संबंध था या नहीं।

उमर की असामयिक मृत्यु ने उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों को सदमे में डाल दिया है। माहिरा खान, मोमल शेख, शाइस्ता लोधी, हिना अल्ताफ, फहाद मुस्तफा सहित कई पाकिस्तानी अभिनेताओं और पाकिस्तानी टीवी जगत के कलाकारों ने इस युवा अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

YRKKH के ‘अरमान’ के घर गूंजी किलकारी, रोहित पुरोहित और शीना बजाज बने क्यूट बेबी ब्वॉय के पेरेंट


MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Sep 16, 2025 8:55 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।